मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर वैश्विक स्तर के सांस्कृतिक आयोजन का केंद्र बनने जा रही है। भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत 5 से 8 अगस्त 2026 तक मिंटो हॉल में BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और संस्कृति से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल और मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने प्रेसवार्ता कर आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में BRICS से जुड़े 11 देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक कूटनीति और विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन के तहत 7 अगस्त को भोपाल के रविंद्र भवन में सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें सदस्य देशों के कलाकार अपनी पारंपरिक कला, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी विरासत को प्रदर्शित करेंगे। यह कार्यक्रम आम नागरिकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
सम्मेलन के दौरान मिंटो हॉल में तीन प्रमुख प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘ज्ञान भारतम’, ‘प्रोजेक्ट मौसम’ और ‘प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत’ शामिल हैं। 5 से 8 अगस्त तक आम जनता के लिए खुली रहने वाली इन प्रदर्शनियों में भारत की प्राचीन पांडुलिपियों, समुद्री सांस्कृतिक संबंधों और सभ्यतागत जुड़ाव की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

प्रेसवार्ता में संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने वाग्देवी प्रतिमा की स्वदेश वापसी को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है और इस संबंध में पहले भी पत्राचार किया गया है। प्रतिमा को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है।
BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन के माध्यम से भोपाल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। यह आयोजन विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों और सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।