आरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस में शुक्रवार को बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति सैयद अता हसनैन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने छात्रों और शिक्षकों की समस्याओं, सुझावों और शैक्षणिक मुद्दों पर सीधे बातचीत की।
राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने दीप प्रज्वलित कर संवाद कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति शैलेंद्र चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल को पुलिस बल की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक राज सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।

राज्यपाल के कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे। संवाद कार्यक्रम को लेकर छात्रों में भी उत्साह देखने को मिला। राज्यपाल के इस दौरे का उद्देश्य विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रों की समस्याओं और शिक्षकों से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त करना रहा।