1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 400 ट्रॉली रेत जब्त

शिवपुरी में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 400 ट्रॉली रेत जब्त

शिवपुरी के टुकी ग्राम क्षेत्र में सिंध नदी से अवैध रेत उत्खनन का बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लगभग 400 ट्रॉली रेत जब्त की है और मामले को खनिज विभाग को सौंप दिया गया है। जांच जारी है।

By: Nivedita 
Updated:
शिवपुरी में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 400 ट्रॉली रेत जब्त

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की नरवर तहसील के टुकी ग्राम से लगे वन क्षेत्र में सिंध नदी से अवैध रेत उत्खनन का बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से हजारों घनमीटर रेत निकालकर अलग-अलग स्थानों पर भंडारित किए जाने की जानकारी मिली है।

कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर भंडारण मिला

सूचना के अनुसार, रेत माफियाओं द्वारा निकाली गई रेत को गांव और खेतों के बीच कई स्थानों पर अवैध रूप से जमा किया गया था। इस गतिविधि के लंबे समय तक चलने के बावजूद संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

प्रशासन की कार्रवाई में 400 ट्रॉली रेत जब्त

शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशों के बाद जैसे ही प्रशासन को सूचना मिली, तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने राजस्व और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। देर शाम तक चले निरीक्षण के दौरान लगभग 6 अलग-अलग स्थानों से करीब 400 ट्रॉली रेत जब्त की गई।

 

रेत को चिन्हित कर खनिज विभाग को सौंपा मामला

प्रशासन ने जब्त की गई रेत को चूना डालकर चिन्हित किया और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला खनिज कार्यालय, शिवपुरी को मामला भेज दिया है।

विभागीय भूमिका पर उठे सवाल

इस पूरे मामले के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि वन क्षेत्र में लंबे समय तक चल रहे अवैध उत्खनन और भंडारण की जानकारी संबंधित विभागों को क्यों नहीं हुई। अब सभी की नजर प्रशासन और खनिज विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

 

रिपोर्ट –  कुलदीप गुप्ता 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...