मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पलेरा स्थित शासकीय महाविद्यालय में मध्यप्रदेश शासन के महाविद्यालयीन कार्यक्रम के तहत “नशे से दूरी बहुत जरूरी” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इसके साथ ही भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर और समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं शैक्षणिक-अशैक्षणिक स्टाफ ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

समापन अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने नशामुक्त समाज के प्रति सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।