1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. Bihar : अमित शाह के बयान से बढ़ी सियासी गर्मी,नीतीश कुमार के सीएम फेस पर उठे सवाल

Bihar : अमित शाह के बयान से बढ़ी सियासी गर्मी,नीतीश कुमार के सीएम फेस पर उठे सवाल

Bihar : गृह मंत्री अमित शाह के बयान से बिहार की राजनीति गरमा गई है।कांग्रेस ने तंज कसा कि अब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे।वहीं एनडीए नेताओं ने कहा कि नीतीश ही गठबंधन का चेहरा हैं।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Bihar : अमित शाह के बयान से बढ़ी सियासी गर्मी,नीतीश कुमार के सीएम फेस पर उठे सवाल

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान ने राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। एक टीवी इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि यदि बिहार चुनाव में एनडीए की जीत होती है तो क्या नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे, तो उन्होंने कहा, “मैं कौन होता हूं किसी को मुख्यमंत्री बनाने वाला? इतनी सारी पार्टियों का गठबंधन है, चुनाव के बाद विधायक दल के नेता बैठकर अपना नेता चुनेंगे।” अमित शाह के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहा है और उन पर भाजपा के साथ-साथ बिहार की जनता को भी पूरा भरोसा है। इसके बावजूद विपक्षी दलों ने इस बयान को लेकर भाजपा पर तंज कसना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अब यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, अमित शाह ने खुद क्लियर कर दिया है।”

वहीं एनडीए घटक दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस बयान पर प्रतिक्रिया दी। मांझी ने कहा कि अमित शाह एनडीए के प्रमुख नेताओं में से हैं और उनके बयान को आधिकारिक माना जाना चाहिए। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा तय हो जाना चाहिए था, ताकि किसी तरह की दुविधा न रहे।

इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी के सवाल पर मांझी ने कहा कि हाल ही में सीएम नीतीश ने कुछ नाराजगी जताई थी, लेकिन अब सबकुछ ठीक हो चुका है और गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम नीतीश कुमार ही एनडीए का चेहरा हैं।

गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की थी। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि इस बैठक में बिहार चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। एनडीए ने सीटों का बंटवारा भी तय कर लिया है  बीजेपी और जदयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29, राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को भी 6 सीटें मिली हैं।

अमित शाह के इस बयान के बाद से बिहार में सियासी तापमान और बढ़ गया है, जबकि एनडीए नेताओं का दावा है कि गठबंधन एकजुट है और नीतीश कुमार ही उनका सीएम चेहरा रहेंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...