1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. अड़गांव विवाद ने पकड़ा तूल: कलेक्ट्रेट का घेराव, मंत्री के सामने फूटा जनाक्रोश

अड़गांव विवाद ने पकड़ा तूल: कलेक्ट्रेट का घेराव, मंत्री के सामने फूटा जनाक्रोश

स्थिति को शांत करने के लिए प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट खुद प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस को सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

By: Naredra 
Updated:
अड़गांव विवाद ने पकड़ा तूल: कलेक्ट्रेट का घेराव, मंत्री के सामने फूटा जनाक्रोश

बुरहानपुरः जिले के अड़गांव में 17 अप्रैल को हुए विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक और सामाजिक रूप ले लिया है। बाबा साहब की रैली के लिए लगाए गए बैनर-पोस्टर को फाड़े जाने की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। उस समय जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ले रहे थे, लेकिन हंगामे की सूचना मिलते ही उन्हें बैठक बीच में छोड़कर प्रदर्शनकारियों के बीच आना पड़ा।

दरअसल, 17 अप्रैल को ग्राम अड़गांव में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहब के बैनर को नुकसान पहुंचाया गया था, जिसके बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर माहौल को नियंत्रित किया गया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि “नेता सिर्फ आश्वासन देते हैं, लेकिन दलित समाज के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। बाबा साहब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, हम यहां से नहीं हटेंगे।”

स्थिति को शांत करने के लिए प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट खुद प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस को सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मंत्री की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी पूरी तरह शांत नहीं हुए और उनकी गाड़ी के पास पहुंचकर विरोध जताते रहे, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...