1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. नेशनल हाईवे-39 पर गड्ढों का जाल, देवेंद्रनगर में हादसे का बढ़ा खतरा

नेशनल हाईवे-39 पर गड्ढों का जाल, देवेंद्रनगर में हादसे का बढ़ा खतरा

देवेंद्रनगर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-39 पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क का निरीक्षण कर जल्द गुणवत्तापूर्ण और स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।

By: Nivedita 
Updated:
नेशनल हाईवे-39 पर गड्ढों का जाल, देवेंद्रनगर में हादसे का बढ़ा खतरा

पन्ना।  देवेंद्रनगर नगर से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-39 की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे होने से हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

गड्ढों से बचने में आमने-सामने आ रहे वाहन

हाईवे पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के लिए चालक कई बार वाहन को सड़क के दूसरे हिस्से में ले जाते हैं। ऐसे में सामने से आने वाले वाहनों से टक्कर का खतरा बढ़ जाता है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति से छोटे और बड़े वाहनों को नुकसान भी हो रहा है।

लंबे समय से मरम्मत का इंतजार

नागरिकों का कहना है कि हाईवे की बदहाली को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जब करीब छह महीने पहले सड़क के पेंचवर्क के लिए स्वीकृति और राशि जारी होने की बात सामने आई थी, तो अब तक नगर क्षेत्र में प्रभावी मरम्मत क्यों नहीं हुई।

पेंचवर्क की गुणवत्ता पर भी सवाल

स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर किए गए पेंचवर्क की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर मरम्मत के बाद थोड़े समय में ही सड़क दोबारा खराब होने लगी। लोगों का कहना है कि यदि मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए तो बार-बार गड्ढे बनने की समस्या से राहत मिल सकती है।

हादसे से पहले कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदार विभाग से हाईवे का तत्काल निरीक्षण कराने और सड़क की गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को समय रहते सड़क की स्थिति सुधारनी चाहिए।

स्वीकृति के बाद भी कब होगी मरम्मत? 

नेशनल हाईवे-39 की स्थिति को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि सड़क मरम्मत के लिए स्वीकृति और राशि उपलब्ध होने की बात सही है, तो काम में देरी क्यों हो रही है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

 

रिपोर्ट –  राजेश रावत 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...