मध्य प्रदेश के पन्ना में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा, श्री भक्तमाल कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर पूज्य श्री रविशंकर दास जी महाराज (रावतपुरा सरकार) के सानिध्य में भव्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर गौसेवा, सनातन संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
मोटरसाइकिल रैली की शुरुआत सर्किट हाउस से हुई, जो गांधी चौक, पुरानी कचहरी होते हुए महेंद्र भवन तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और धार्मिक वातावरण के बीच गौसंरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
रैली के बाद पूज्य रावतपुरा सरकार के संकल्प ‘एक रोटी गाय के नाम’ महाअभियान के तहत धाम मोहल्ला में जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह सहित कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से प्रतिदिन गौमाता के लिए एक रोटी निकालने की अपील की। अभियान के माध्यम से नागरिकों को गौसेवा, गोसंरक्षण और भारतीय संस्कृति में गौमाता के महत्व की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों को इस सामाजिक पहल से जुड़ने का आह्वान किया गया।

जनजागरण अभियान के दौरान कई परिवारों ने उत्साहपूर्वक गौमाता के लिए एक रोटी समर्पित की और भविष्य में भी नियमित रूप से इस संकल्प का पालन करने का भरोसा दिया। आयोजन का उद्देश्य समाज में सेवा, संवेदना और गौसंरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ‘एक रोटी गाय के नाम’ अभियान केवल गौसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सेवा, संवेदना और भारतीय संस्कारों को मजबूत करने का एक जनआंदोलन है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने गौमाता की सेवा और संरक्षण के लिए निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।