मध्यप्रदेश में नए साल से पहले प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य सरकार बुधवार, 31 दिसंबर को कुल 176 अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी करने जा रही है। इस सूची में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारी शामिल हैं। लंबे समय से लंबित विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल 97 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ 79 एसएएस अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा। इससे सचिव, कलेक्टर, स्पेशल डीजी, एडीजी, आईजी और एसएसपी स्तर पर प्रशासनिक संतुलन मजबूत होगा।
आईपीएस कैडर में 1994 बैच के अधिकारी आशुतोष राय को स्पेशल डीजी (Special DGP) के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। वे 1 जनवरी 2026 से कार्यभार संभालेंगे। इसी बैच के प्रमोद वर्मा को एडीजी (ADG) बनाया जाएगा।
इसके बाद रिक्त पदों पर राजाबाबू सिंह और डी.पी. गुप्ता का क्रम आएगा। वहीं, 1994 बैच के अनंत कुमार सिंह और मनमीत सिंह नारंग, जो वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर हैं, उन्हें प्रोफार्मा पदोन्नति दी जाएगी।
आईएएस कैडर में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के सचिव एम. सेलवेंद्रम को प्रमुख सचिव (Principal Secretary) के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, सचिव स्तर पर एक-दो अधिकारियों के तबादले संभव हैं, हालांकि अधिकांश अधिकारियों को वर्तमान पद पर रहते हुए ही प्रमोशन मिलेगा। कौशलेंद्र सिंह (भोपाल कलेक्टर) और दीपक सक्सेना को सचिव पद पर पदोन्नति के बाद भी अपनी मौजूदा जिम्मेदारी संभालनी होगी।
2010 बैच के कई आईएएस अधिकारियों को सचिव पद पर पदोन्नति दी जाएगी। इनमें आशीष सिंह, अभिजीत अग्रवाल और तरुण राठी शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को अपर सचिव और सिलेक्शन ग्रेड भी दिया जाएगा। कुल मिलाकर करीब 71 आईएएस अधिकारी प्रमोशन सूची में शामिल हैं।

आईपीएस कैडर में कुल 26 अधिकारियों को पदोन्नति मिलेगी। 2008 बैच के शियष ए, जयदेवन ए और ललित शाक्यवार को आईजी (IG) पद पर पदोन्नत किया जाएगा। इसके अलावा 11 अधिकारियों को डीआईजी और 10 अधिकारियों को सिलेक्शन ग्रेड के तहत एसएसपी बनाया जाएगा।
राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 79 अधिकारियों को भी प्रमोशन दिया जाएगा। इनमें डिप्टी कलेक्टर, ज्वाइंट कलेक्टर और एडिशनल कलेक्टर स्तर की पदोन्नतियां शामिल हैं। कई अधिकारियों को सीनियर स्केल भी प्रदान किया जाएगा।
डीपीसी में आईएएस के 5 और एसएएस के 25 अधिकारियों को अनफिट घोषित किया गया है। इन अधिकारियों को अब प्रमोशन के लिए एक वर्ष का और इंतजार करना होगा।
वर्ष 2025 में विभागीय जांच और शासकीय दंड से जुड़े कई मामलों का निपटारा हुआ है। कुल 23 एसएएस अधिकारियों को क्लीन चिट मिली है, जिनमें से 13 को इस बार प्रमोशन दिया जाएगा। शेष 10 अधिकारियों को दंड अवधि समाप्त होने के बाद पदोन्नति मिलेगी।
मध्यप्रदेश कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा को केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है। वे जल्द ही केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे और राज्य सरकार उन्हें शीघ्र रिलीव करेगी। नए साल से पहले मिलने वाली यह पदोन्नति न केवल अधिकारियों के लिए बड़ा तोहफा है, बल्कि इससे मध्यप्रदेश की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।