मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है और विकास की बयार गांव-गांव तक पहुंच रही है। गांव और ग्रामीण ही देश के विकास की धुरी हैं, उनकी मजबूती में ही राष्ट्र की मजबूती निहित है। मुख्यमंत्री भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर में ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद शासन और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभा रही है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में परिषद का योगदान सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समन्वित प्रयासों से ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिषद द्वारा 12 से 26 जनवरी तक प्रदेशभर में आयोजित ग्राम विकास पखवाड़े के राज्यस्तरीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेश के 313 विकासखंडों से आए प्रत्येक विकासखंड के दो-दो युवाओं-कुल- 626 युवाओं को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे पखवाड़े के दौरान होने वाली गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जयंती से प्रारंभ हो रहा यह पखवाड़ा प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने ग्रामीण संस्कृति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतों से एकजुट होकर लड़ना ही सच्ची राष्ट्र और समाज सेवा है। सरकार गांवों के विकास में हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनअभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं और प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से युवा साथी सरकार के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंचाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पखवाड़े के दौरान ग्राम स्तर पर उत्सव, चौपाल, रैली, सामूहिक श्रमदान और परिवार संपर्क जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में पर्यावरण व जल संरक्षण, स्वदेशी व स्वावलंबन, जैविक कृषि और गौ-संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही शिक्षा-संपन्न, संस्कारवान, सामाजिक समरसता से युक्त तथा स्वस्थ व नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर रहेगा।

वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि गांव हमारी आत्मा हैं और इन्हें मजबूत करना हम सबकी जिम्मेदारी है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय दर्शन को विश्व तक पहुंचाया और प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा-इसे साकार करने के लिए सरकार और समाज को मिलकर कार्य करना होगा।
जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन नागर ने कहा कि शिक्षा समग्र विकास की धुरी है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में परिषद की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के विद्यार्थी व परामर्शदाता, स्वैच्छिक संस्थाएं तथा धार्मिक-सामाजिक संगठन सहभागी बन रहे हैं। यह ग्राम विकास पखवाड़ा प्रदेश की 13 हजार चयनित ग्राम पंचायतों में एक साथ प्रारंभ हुआ है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, जनअभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।