उज्जैन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली सड़क दुर्घटना ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो बाइकों की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों पर ही हमला कर दिया गया।
घटना उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील के महिदपुर रोड थाना क्षेत्र की है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और गाली-गलौज में बदल गई।
सड़क पर हंगामा बढ़ता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और जाम जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आर.एस. भाबोर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। लेकिन हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने थाना प्रभारी के साथ अभद्रता की और जानलेवा हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन का साफ कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट