मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक प्रभावी और दूरदर्शी कदम है। यह बजट विकास को और अधिक गति देने वाला है तथा भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच पर सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। बजट में आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के साथ-साथ आमजन की अपेक्षाओं को पूरा करने और “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को मजबूती से आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट में गरीबों, युवाओं, किसानों (अन्नदाता) और महिलाओं को केंद्र में रखकर प्रावधान किए गए हैं। यह संतुलित दृष्टिकोण सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देगा और विकास के लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में सहायक होगा।
उन्होंने बताया कि 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास और सभी शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर अगले पांच वर्षों में 5000 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इसके साथ ही छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों के विकास, प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास निर्माण और जिला अस्पतालों के अपग्रेडेशन से प्रदेश के सामाजिक और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बजट में वस्त्र उद्योग में सुधारों पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे मध्यप्रदेश को बड़ा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश को पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क की सौगात दी गई है, जिससे लगभग तीन लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और करीब छह लाख किसानों को प्रत्यक्ष लाभ होगा। यह परियोजना मालवा-निमाड़ अंचल के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में छोटे करदाताओं के लिए इनकम टैक्स प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। राजकोषीय घाटा 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य रखा गया है। राज्यों के लिए 1.40 लाख करोड़ रुपये का अनुदान प्रस्तावित है, जिससे मध्यप्रदेश को भी लाभ प्राप्त होगा। इसके अलावा भारत को बायो-फार्मा हब बनाने, क्लिनिकल ट्रायल स्थलों के विकास और केयर इकोसिस्टम को मजबूत करने से बुजुर्गों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट में विनिर्माण क्षेत्रों के रणनीतिक विकास को प्राथमिकता दी गई है, जिससे भारत वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरेगा। रिसर्च एंड डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अधिक उपयोग से नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन क्षेत्र में गाइड की उपलब्धता बढ़ाने, संरक्षित पुरातात्विक स्थलों को खोलने और विदेशी पर्यटकों को टैक्स में राहत देने जैसे कदमों से पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मोदी सरकार 3.0 का यह तीसरा बजट “सबका साथ-सबका विकास” की भावना का सशक्त प्रतिबिंब है। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का केंद्रीय बजट 2026-27 के लिए अभिनंदन और आभार व्यक्त किया।