केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में Union Budget 2026-27 पेश किया। कुल ₹53.5 लाख करोड़ के इस बजट को आम आदमी, किसान, युवा, महिला, मजदूर और उद्योग-सभी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह उनका लगातार नौवां बजट है, जिससे उन्होंने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी बनाया।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पेश हुए पहले बजट में राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। रक्षा बजट को ₹6.81 लाख करोड़ से बढ़ाकर ₹7.85 लाख करोड़ कर दिया गया है, यानी कुल 15.2% की वृद्धि। हथियार खरीद और सेना के आधुनिकीकरण पर इस बार ₹2.19 लाख करोड़ खर्च किए जाएंगे, जो पिछले वर्ष के ₹1.80 लाख करोड़ से काफी अधिक है।
बजट 2026-27 में इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, टैक्सपेयर्स को राहत देते हुए संशोधित इनकम टैक्स रिटर्न (Revised ITR) दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है, वह भी मामूली शुल्क के साथ। इसके अलावा, सरल इनकम टैक्स फॉर्म जल्द अधिसूचित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने कैंसर की 17 दवाओं पर आयात शुल्क पूरी तरह हटाने का ऐलान किया है, जिससे इलाज सस्ता होगा। साथ ही देश में 3 आयुर्वेदिक AIIMS स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे आयुष और पारंपरिक चिकित्सा को मजबूती मिलेगी।
बजट में 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर बड़ा निवेश किया जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी सुधरेगी और लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
सरकार ने लखपति दीदी मॉडल के तहत महिलाओं की आय और रोजगार बढ़ाने की नई स्कीम की घोषणा की है। करीब 800 जिलों में लड़कियों के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे। इसके अलावा 5,000 सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित की जाएंगी, जिससे डिजिटल स्किल्स को बढ़ावा मिलेगा।
बजट 2026 में Semiconductor Mission 2.0 लॉन्च करने की घोषणा की गई है। नागरिक विमानन और एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल होने वाले कई कंपोनेंट्स और पार्ट्स को बेसिक कस्टम ड्यूटी से छूट दी गई है, जिससे गैजेट और इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री को बड़ा फायदा होगा।
विदेश यात्रा करने वालों के लिए बड़ी राहत देते हुए TCS को 5-20% से घटाकर 2% कर दिया गया है और अब कोई न्यूनतम राशि की शर्त नहीं होगी। इससे विदेश यात्रा और विदेश में पढ़ाई करने वालों को सीधा लाभ मिलेगा।
बजट पेश होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए इसे ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट रिफॉर्म एक्सप्रेस को नई रफ्तार देगा और नारी शक्ति के सशक्तिकरण को मजबूती से आगे बढ़ाएगा। प्रधानमंत्री ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार नौवीं बार बजट पेश कर नया इतिहास रचा है।
बजट 2026-27 को विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में मजबूत कदम माना जा रहा है। सरकार के अनुसार अब तक 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं और ये सुधार आगे भी जारी रहेंगे। औद्योगिक निवेश, MSME सुधार और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार से रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह बजट किसान, युवा, महिला, मजदूर और उद्योग-सभी के लिए विकास और अवसरों का बजट माना जा रहा है, जिसे देशभर में व्यापक समर्थन मिल रहा है।