1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. CM डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अल्बानिया में फंसी उज्जैन की पहलवान प्रियांशी प्रजापत सुरक्षित भारत लौटी

CM डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अल्बानिया में फंसी उज्जैन की पहलवान प्रियांशी प्रजापत सुरक्षित भारत लौटी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अल्बानिया में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने गई मध्यप्रदेश की खिलाड़ी प्रियांशी प्रजापत सुरक्षित भारत लौट आईं। उन्होंने प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
CM डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अल्बानिया में फंसी उज्जैन की पहलवान प्रियांशी प्रजापत सुरक्षित भारत लौटी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली पहलवान प्रियांशी प्रजापत सुरक्षित रूप से भारत लौट आई हैं। प्रियांशी अल्बानिया के तिराना शहर में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप रैंकिंग सीरीज़ में भाग लेने गई थीं, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया और देश-प्रदेश का नाम रोशन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रियांशी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर पर आवश्यक कदम उठाए। खिलाड़ी की भारत वापसी के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक जीतने के लिए बधाई भी दी।

परिवार से वीडियो कॉल के माध्यम से की बातचीत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में रहने वाले प्रियांशी के परिवार से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान प्रियांशी के पिता श्री प्रजापत ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सहयोग और समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रियांशी ने 24 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग प्रतियोगिता में भाग लिया था। उन्होंने 26 फरवरी को खेले गए मुकाबले में शानदार जीत हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान प्रियांशी ने कज़ाकिस्तान, अमेरिका और मेजबान अल्बानिया की पहलवानों को पराजित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन

प्रियांशी प्रजापत इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर चुकी हैं। पिछले वर्ष आयोजित एशियन सीरीज़ में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया था।

युद्ध तनाव के कारण खिलाड़ियों को हुई थी परेशानी

हाल ही में मध्य-पूर्व एशिया में बढ़ते युद्ध तनाव के कारण प्रतियोगिता में शामिल भारतीय खिलाड़ी कुछ समय के लिए वहां फंस गए थे। इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रियांशी सहित सभी खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए और लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हमेशा प्रियांशी को अपनी बेटी की तरह स्नेह और समर्थन दिया है। जब वे मध्यप्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष थे, तब भी उन्होंने प्रियांशी को प्रोत्साहन देने के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी।

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रियांशी प्रजापत की उपलब्धि प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...