1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान : CM डॉ. मोहन यादव

सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान : CM डॉ. मोहन यादव

शहडोल में विकास की सौगातों की बरसात, सिंचाई से शिक्षा और खेल तक बड़े ऐलान

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान : CM डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सच्चा वादा और पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शहडोल जिले के धनपुरी में नगर पालिका द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वॉटर पार्क के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और माता शबरी जयंती की शुभकामनाएं भी दीं।

सनातन संस्कृति का संदेश: मनुष्य से मनुष्य का प्रेम

मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्कपट भक्ति, समर्पण और साधना की सर्वोच्च प्रतीक माता शबरी का जीवन सनातन संस्कृति की आत्मा को दर्शाता है। भगवान श्रीराम और माता शबरी का प्रेम यह संदेश देता है कि हमारे समाज में जातिवाद के लिए कोई स्थान नहीं है-मनुष्य से मनुष्य का प्रेम ही हमारी संस्कृति की विशेषता है।

शहडोल सिंचाई कॉम्प्लेक्स की घोषणा, 2300 करोड़ की योजना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल सिंचाई कॉम्प्लेक्स के निर्माण की घोषणा करते हुए बताया कि सोन नदी पर 4 माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। लगभग 2300 करोड़ रुपये की इस योजना से 50 हजार हेक्टेयर सिंचाई रकबा बढ़ेगा और 122 गांव लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 44 लाख हेक्टेयर हो चुका है और इसे और विस्तार दिया जाएगा।

जैतपुर बनेगी नगर पंचायत, सड़क व शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने जैतपुर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही शहडोल जिले में 160 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर सड़क निर्माण, 3 किलोमीटर मॉडल रोड, जैतपुर महाविद्यालय में कला एवं विज्ञान संकाय भवन, तथा नए महाविद्यालय की शुरुआत का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि शहडोल मेडिकल कॉलेज में विभागीय प्रस्ताव मिलने पर सीट वृद्धि की जाएगी।

शिक्षा और खेल को नई गति

मुख्यमंत्री ने गीता भवन के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को लाइब्रेरी और कोचिंग जैसी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं धनपुरी में मिनी ओलंपिक मापदंड पर आधारित स्विमिंग पूल का शुभारंभ कर खेल अधोसंरचना को नई पहचान दी गई।

महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण पर जोर

डॉ. यादव ने कहा कि सरकार लाड़ली बहना योजना सहित महिला सशक्तिकरण की कई योजनाएं चला रही है। केंद्र सरकार की लखपति दीदी, लखपति ड्रोन दीदी योजनाओं और रजिस्ट्री में महिलाओं को 2 प्रतिशत की छूट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाला समय माताओं-बहनों का है। किसानों के लिए वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। खेती को लाभप्रद बनाने के लिए 30 लाख सोलर पंप, दुग्ध उत्पादन और दलहन उत्पादन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे परिवारों के पोषण स्तर में भी सुधार होगा।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

कार्यक्रम में सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विकास की गंगा बह रही है। विधायक जय सिंह मरावी ने क्षेत्र को मिली सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। नगर पालिका धनपुरी की अध्यक्ष रविंदर कौर छाबड़ा ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल सहित नगरीय निकाय, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...