सिंगरौली जिले में गौरव बैनल के आदेश एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा सघन जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा वैधानिक परिवहन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराना रहा।
ओवरलोड और बिना तिरपाल वाहनों पर सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान प्रदूषण मानकों, सड़क सुरक्षा नियमों और मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले मालवाहक वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। विशेष रूप से कोयला, रेत, गिट्टी एवं राखड़ (फ्लाई ऐश) का बिना तिरपाल ढके और ओवरलोड परिवहन करने वाले वाहनों पर सख्त कदम उठाए गए।
जिले के प्रमुख मार्गों पर चला अभियान
यह सघन अभियान परसौना चौकी से बारीगंवा बायपास, विंध्यनगर-तेलदहा-शक्तिनगर मार्ग, बंधा-उज्जैनी-सरई मार्ग तथा झींगुर्दा-शुक्ला मोड़ तक संचालित किया गया। इन मार्गों पर भारी वाहनों की विशेष जांच कर नियमों के पालन की स्थिति का आकलन किया गया।
रात्रिकालीन दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशानुसार चिन्हित मालवाहक वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए, ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।
वैधानिक दस्तावेजों की गहन जांच
जांच के दौरान वाहनों के पीयूसी (प्रदूषण प्रमाण पत्र), बीमा, फिटनेस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल चालानी कार्रवाई की गई।
₹4.04 लाख शासकीय राजस्व संग्रह
इस अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से कुल ₹4 लाख 04 हजार रुपये का शासकीय राजस्व संग्रह किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण हित में इस तरह की सख्त और नियमित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






