डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि माँ नर्मदा की कृपा से मध्यप्रदेश निरंतर समृद्धि की ओर अग्रसर है और प्रदेश का कृषि उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश दोनों तेज़ी से विकास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मना रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले के मोरटक्का में नर्मदा नदी के तट पर स्थित राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर में सपरिवार दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने माँ नर्मदा को प्रदेश की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि नर्मदा के आशीर्वाद से ही मध्यप्रदेश कृषि, उद्योग और विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मोरटक्का में राजराजेश्वरी सेवा भारती न्यास द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने न्यास द्वारा संचालित “कुपोषण मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत मातृ एवं शिशु आरोग्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से संवाद किया, केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और महिलाओं को पोषण आहार सामग्री का वितरण किया।
मुख्यमंत्री ने राजराजेश्वरी सेवा भारती न्यास द्वारा निर्मित किए जा रहे वेद विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कन्या-पूजन कर बालिकाओं को उपहार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, खंडवा महापौर अमृता अमर यादव, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और माँ नर्मदा के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।