देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में भी भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने, लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। ध्वजारोहण के बाद पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- “आज का दिन हमें हमारे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाता है। गणतंत्र दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि यह संकल्प लेने का अवसर है कि हम सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के रास्ते पर चलेंगे। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित यह समारोह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र की एकता के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।