भाजपा प्रदेश कार्यालय में संभाग एवं जिला प्रभारियों की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने संगठन को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन है और इसे और सुदृढ़ करना ही सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दो टूक कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि रहेगा। केवल वही कार्यकर्ता जिम्मेदारी पाएंगे जो जमीनी स्तर पर मेहनती, सक्रिय और समर्पित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठनात्मक दायित्व योग्यता, परिश्रम और निष्ठा के आधार पर तय किए जाएंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को संगठन के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से भी संगठन विस्तार को गति दी जाएगी, जिससे समाज के हर वर्ग तक पार्टी की विचारधारा पहुंचे।
बैठक के अंत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि अनुशासन, संगठन और समर्पण ही भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत है। इन्हीं मूल्यों के आधार पर संगठन को मजबूत कर आगामी चुनौतियों का सामना किया जाएगा।