मध्यप्रदेश में युवा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से खेलो एमपी यूथ गेम्स के राज्य स्तरीय मुकाबलों का भव्य शुभारंभ 27 जनवरी को होने जा रहा है। इसकी जानकारी राजधानी भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने दी।
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स का उद्घाटन समारोह 27 जनवरी की शाम 6:30 बजे टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
मंत्री सारंग ने बताया कि उद्घाटन समारोह बेहद आकर्षक और यादगार होगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की लाइव प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही खेलों के इतिहास पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी और भव्य आतिशबाजी आयोजन की शोभा बढ़ाएगी।
प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि खेल विभाग और प्रदेश के सभी खेल संघों के सहयोग से खेलो एमपी यूथ गेम्स का सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह देश में पहली बार है जब सभी खेल संघों के साथ मिलकर इस तरह का प्रयोग किया गया है, जिसके सकारात्मक और उत्कृष्ट परिणाम सामने आए हैं।
मंत्री सारंग ने जानकारी दी कि ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 25 जनवरी तक समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद राज्य स्तरीय मुकाबले मध्यप्रदेश के 9 जिलों में आयोजित किए जाएंगे। खेलो एमपी यूथ गेम्स का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 31 जनवरी को भोपाल में आयोजित होगा।
इस वर्ष खेलो एमपी यूथ गेम्स में पारंपरिक खेलों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ क्रिकेट और थ्रोबॉल को भी प्रतियोगिताओं में जोड़ा गया है। मंत्री ने बताया कि ब्लॉक स्तर से अब तक एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल और मील का पत्थर साबित हो रहा है। यह मंच प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।