1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: सोमनाथ हमारे आत्मबल, पुनर्जागरण और अविनाशी विश्वास का प्रतीक – CM डॉ. मोहन यादव

MP News: सोमनाथ हमारे आत्मबल, पुनर्जागरण और अविनाशी विश्वास का प्रतीक – CM डॉ. मोहन यादव

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग रुद्र पूजा एवं मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन कार्यक्रम में हुए शामिल...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: सोमनाथ हमारे आत्मबल, पुनर्जागरण और अविनाशी विश्वास का प्रतीक – CM डॉ. मोहन यादव

डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सोमनाथ केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि हमारे आत्मबल, पुनर्जागरण और अविनाशी विश्वास का जीवंत प्रतीक है। बार-बार ध्वस्त होने के बाद भी सोमनाथ का पुनर्निर्माण इस सत्य का उद्घोष करता है कि शिव शाश्वत हैं, हमारी आस्था अडिग है और सनातन चेतना अमर है। मुख्यमंत्री रविवार को आर्ट ऑफ लिविंग संस्था एवं भोपाल उत्सव मेला द्वारा आयोजित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग रुद्र पूजा एवं मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन कार्यक्रम को रवीन्द्र भवन के मुक्ताकाश परिसर में संबोधित कर रहे थे।

ज्योतिर्लिंगों की परंपरा और सौभाग्य का उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह प्रदेश का सौभाग्य है कि भगवान श्रीमहाकाल और ममलेश्वर जैसे ज्योतिर्लिंग मध्यप्रदेश में विराजमान हैं और अब राजधानी भोपाल में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। यह आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम है, जो जन-जन को सनातन मूल्यों से जोड़ता है।

सनातन संस्कृति की अमरता पर मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिव ही सत्य और सनातन हैं। पंचमहाभूतों से निर्मित मानव शरीर को शिव ही सनातन संस्कृति की मूल अवधारणाओं से परिचित कराते हैं और हमारे विकारों का संहार करते हैं। उन्होंने कहा कि जो संस्कृतियां सनातन का विरोध करती हैं, वे आज स्वयं आंतरिक संकट से जूझ रही हैं, जबकि भारतीय संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के भाव के साथ विश्व कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रही है।

ऐतिहासिक पुनर्निर्माण और आस्था के केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा श्री सोमनाथ महादेव का पुनर्निर्माण और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर की स्थापना, इस तथ्य को स्थापित करती है कि सनातन आदि भी है और अनंत भी। उन्होंने कहा कि उज्जैन में महाकाल जन-जन की श्रद्धा के केंद्र के रूप में विराजमान हैं और यह हमारी सांस्कृतिक चेतना की सशक्त पहचान है।

गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री श्री रविशंकर के आध्यात्मिक ज्ञान, आत्मीयता और मानव मात्र के प्रति उनके प्रेम की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुरुदेव द्वारा प्रसारित सुदर्शन क्रिया की लयबद्ध श्वसन तकनीक ने असंख्य लोगों के जीवन से तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री ने रुद्र पूजन के अवसर पर भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  कृष्णा गौर, विधायक भगवान दास सबनानी, भोपाल उत्सव मेला के  मनमोहन अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता  माखन सिंह और राहुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...