जिला मुख्यालय अंतर्गत सिंगरौली के गनियारी वार्ड क्रमांक 41 में स्थित जोगिया वीर बाबा धाम मंदिर के पास एक साथ सात विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि रानी अग्रवाल एवं पार्षद प्रतिनिधि गौरी अर्जुन गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात फीता काटकर विकास कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। पार्षद प्रतिनिधि की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
विधायक रामनिवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि जनता के सहयोग से वार्डों में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है।
महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम द्वारा वार्ड की समस्याओं को चिन्हित कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि आमजन को बेहतर और टिकाऊ सुविधाएं मिल सकें। नगर विकास में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है।
पार्षद प्रतिनिधि अर्जुन गुप्ता ने कहा कि वार्ड के विकास के लिए वे विधायक एवं महापौर से निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों को गति दे रहे हैं और आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे।
इन सातों विकास कार्यों का भूमिपूजन कुल ₹1 करोड़ 23 लाख 8 हजार रुपये की लागत से किया गया, जिससे वार्ड 41 में नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।