1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बड़वानी की कॉलोनियों में सीवेज व्यवस्था चरमराई, ओवरफ्लो चेंबर से गंदगी और बीमारी का खतरा

बड़वानी की कॉलोनियों में सीवेज व्यवस्था चरमराई, ओवरफ्लो चेंबर से गंदगी और बीमारी का खतरा

कृष्णा स्टेट, एकलव्य नगर और सुखविलास में ओवरफ्लो चेंबर से गंदगी, दुर्गंध और बीमारी का खतरा

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
बड़वानी की कॉलोनियों में सीवेज व्यवस्था चरमराई, ओवरफ्लो चेंबर से गंदगी और बीमारी का खतरा

बड़वानी शहर के कई रिहायशी इलाकों में सीवेज व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। कृष्णा स्टेट, एकलव्य नगर और सुखविलास कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में सीवेज चेंबर लगातार ओवरफ्लो हो रहे हैं, जिससे गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय रहवासियों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है।

सड़कों पर बहता सीवेज, घरों में रहना दूभर

शहर के इन इलाकों में जगह-जगह जमा सीवेज के पानी से कीचड़ जैसी स्थिति बन गई है। दुर्गंध इतनी तेज है कि लोगों का घरों में रहना भी कठिन हो रहा है। रहवासियों का आरोप है कि सीवेज चेंबरों से लंबे समय से गंदा पानी रिस रहा है। नगर पालिका, सीवेज निर्माण एजेंसी और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

पेयजल लाइनों तक पहुंचा गंदा पानी

कुछ क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है, जहां सीवेज का पानी पेयजल लाइनों के आसपास तक पहुंच गया है। इससे दूषित जल आपूर्ति का खतरा बढ़ गया है। रहवासियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो संक्रामक बीमारियों का फैलाव हो सकता है।

“गांवों से भी बदतर हो चुकी कॉलोनी”

एकलव्य कॉलोनी की रहवासी शिला ने बताया कि सीवेज चेंबर ओवरफ्लो होने से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि ठेकेदार का अमला समस्या देखकर भी स्थायी समाधान नहीं कर रहा। कॉलोनी की हालत गांवों से भी बदतर हो चुकी है। पक्की सड़कों का अभाव है-बारिश में कीचड़ और गर्मियों में धूल से परेशानी झेलनी पड़ती है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया।

जनसुनवाई में भी रखी गई बात, हालात जस के तस

रहवासियों के अनुसार, बारिश के मौसम में पूरे इलाके में सीवेज निर्माण कार्य चलता रहा, जिससे सड़कों पर कीचड़ फैला। अब निर्माण पूरा होने के बाद चेंबर लिकेज की समस्या सामने आ गई है। मच्छरों की संख्या बढ़ रही है और बीमारी का खतरा बना हुआ है। दूषित पानी की बोतल लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर को भी अवगत कराया गया, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ।

रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित

एकलव्य नगर के रहवासी लोकेश बरवेल ने बताया कि करीब 15 दिनों से सीवेज चेंबर ओवरफ्लो हो रहा है। गली में बहता गंदा पानी घरों तक दुर्गंध फैला रहा है। बच्चों के स्कूल जाने, खेलने और दफ्तर आने-जाने में कपड़ों और जूतों पर गंदे पानी के छींटे पड़ते हैं। बार-बार सफाई करनी पड़ रही है, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो रहा।

एजेंसी का पक्ष

सीवेज कंपनी एजेंसी के एक कर्मचारी का कहना है कि चेंबर लिकेज की शिकायत मिलने पर सफाई और सुधार कार्य किया जा रहा है। हालांकि, रहवासियों का कहना है कि यह उपाय अस्थायी हैं और स्थायी समाधान की आवश्यकता है।

रहवासियों की मांग

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सीवेज चेंबरों की स्थायी मरम्मत, नियमित सफाई, पक्की सड़कों का निर्माण और पेयजल लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि गंदगी और बीमारी के खतरे से राहत मिल सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...