सतना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशती वर्ष में मध्यप्रदेश वास्तविक विकास के दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल शासन नहीं, बल्कि परिवार चलाती है और प्रदेश के हर घर को परिवार मानकर जनहित के निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनमें अंत्योदय और ग्रामोदय-दोनों की भावना निहित है।
मुख्यमंत्री शनिवार को सतना के आईएसबीटी परिसर में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने 652.54 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) का लोकार्पण करते हुए इसकी घोषणा की कि अब यह ‘अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राज्यीय बस अड्डा’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि अटल जी राजनीति में शुचिता, राष्ट्रीयता और जनकल्याण के प्रतीक थे और उनकी निर्भीक वाणी संसद में दशकों तक गूंजती रही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए साल से प्रदेश में सरकारी बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री सुगम लोक परिवहन सेवा के तहत गांव-गांव तक सस्ती और सुविधाजनक बसें चलेंगी, जबकि शहरों में आधुनिक और लग्जरी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप की लंबाई 1800 मीटर तक बढ़ाई जाएगी, जिससे यहां जेट विमान भी उतर सकेंगे। इससे विंध्य क्षेत्र की एयर कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी और व्यापार व पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बरगी नहर परियोजना का पूरा लाभ सतना जिले को दिया जाएगा। इस परियोजना से जिले की डेढ़ लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सतना में 383 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन का भूमिपूजन किया गया है। इसके साथ ही आधुनिक आईएसबीटी और धवारी क्रिकेट स्टेडियम के नवीनीकरण जैसे कार्यों का लोकार्पण भी हुआ। उन्होंने कहा कि ये तीनों परियोजनाएं सतना के विकास में नए आयाम जोड़ेंगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना जिला भगवान श्रीराम की कर्मभूमि रहा है और उन्होंने चित्रकूट में 11 वर्ष व्यतीत किए थे। राज्य सरकार चित्रकूट को भव्य और दिव्य धाम के रूप में विकसित करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद चित्रकूट का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वैश्विक स्तर पर बढ़ रहा है और मंदाकिनी नदी के तट पर देश-दुनिया से श्रद्धालु आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सप्ताह मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहा है। धार और बैतूल में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों का भूमिपूजन, ग्वालियर में अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट, 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक निवेश कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास और भोपाल मेट्रो की शुरुआत-ये सभी राज्य के विकास की गति को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं सतना प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने सतना को स्मार्ट सिटी की सौगात दी है। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि सतना विकास के हर मानक पर अग्रणी है। सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज़ी से विकास करने वाला राज्य बन चुका है।
कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कौल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए सदैव जनता के साथ खड़ी है और आने वाले समय में सतना तथा पूरा विंध्य क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।