1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. रेल बजट 2026-27: ऐतिहासिक निवेश से बदलेगा देश का परिवहन परिदृश्य

रेल बजट 2026-27: ऐतिहासिक निवेश से बदलेगा देश का परिवहन परिदृश्य

रेल मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में रेलवे के लिए 2.78 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन किया गया है।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
रेल बजट 2026-27: ऐतिहासिक निवेश से बदलेगा देश का परिवहन परिदृश्य

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय बजट 2026-27 के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रेलवे से जुड़े अहम प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इसे रेलवे के इतिहास का सबसे बड़ा और परिवर्तनकारी बजट बताया। रेल मंत्री ने इस अवसर पर नरेंद्र मोदी और निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि यह बजट रेलवे की सुरक्षा, आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाई देगा।

रेलवे को मिला 2.78 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट

रेल मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में रेलवे के लिए 2.78 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन किया गया है। इस राशि का उपयोग नई रेल लाइनों के निर्माण, ट्रैक डबलिंग, लोकोमोटिव, कोच और वैगन की खरीद, स्टेशन विकास और आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए अकेले एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।

हाई-स्पीड कॉरिडोर से घटेगा सफर का समय

बजट में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है, जिससे देश का ट्रांसपोर्ट सेक्टर पूरी तरह से बदल जाएगा। रेल मंत्री के अनुसार:

  • चेन्नई-बेंगलुरु की दूरी सिर्फ 1 घंटे 13 मिनट में तय होगी।

  • मुंबई-पुणे कॉरिडोर का सफर 48 मिनट में पूरा होगा।

  • पुणे-अहमदाबाद की दूरी 1 घंटे 45 मिनट में तय की जा सकेगी।

  • दिल्ली-वाराणसी का सफर करीब 3 घंटे में होगा।

  • पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक की दूरी महज ढाई घंटे में तय होगी।

उन्होंने बताया कि चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद मिलकर एक साउथ हाई-स्पीड ट्रायंगल/डायमंड बनाएंगे, जिससे कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी को बड़ा लाभ मिलेगा।

सुरक्षा में बड़ा सुधार, दुर्घटनाएं 95% तक घटीं

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे में बीते वर्षों में दुर्घटनाएं 95 प्रतिशत तक कम हुई हैं। आगे सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ट्रैक, लोको, कोच और वैगन मेंटेनेंस, कवच सिस्टम का तेजी से विस्तार, सीसीटीवी कैमरे, ओएचई सिस्टम अपग्रेडेशन और नए स्टेशनों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं और कस्टमर केयर को भी बेहतर बनाया जाएगा।

मध्य प्रदेश को ₹15,188 करोड़ की बड़ी सौगात

रेल बजट 2026-27 में मध्य प्रदेश के लिए रेलवे को ₹15,188 करोड़ का आवंटन किया गया है। इसमें नए ट्रैक, 100% विद्युतीकरण, अमृत भारत स्टेशन योजना, सुरक्षा के लिए कवच सिस्टम, वंदे भारत ट्रेनें और नए मालवाहक कॉरिडोर शामिल हैं। भोपाल मंडल के डीआरएम पंकज त्यागी ने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तेजी से पूरे किए जा रहे हैं, जिससे राज्य के आर्थिक विकास और ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न को मजबूती मिलेगी।

रेलवे के आधुनिकीकरण की ओर बड़ा कदम

रेल मंत्री ने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे रेलवे के काम करने का तरीका बदलेगा। हाई-स्पीड कॉरिडोर, आधुनिक स्टेशन, बेहतर सुरक्षा और तेज कनेक्टिविटी के जरिए भारतीय रेलवे आने वाले वर्षों में देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत इंजन बनेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...