प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में पहुंचे, जहां उन्हें राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंच पर स्वागत किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 60,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें रेल संपर्क परियोजनाएं, आईआईटी बुनियादी ढांचे का विस्तार, कौशल विकास केंद्र, आवासीय योजनाएं और अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इन परियोजनाओं के तहत भारत में 97,500 से अधिक दूरसंचार टावर स्थापित किए जाएंगे, जो दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं गरीब और वंचित वर्ग के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
झारसुगुड़ा में प्रधानमंत्री के आगमन पर स्थानीय कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने पीएम मोदी का उत्साहपूर्ण स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने सड़क मार्ग से जनता का अभिवादन स्वीकार किया, जिससे लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
ओडिशा में भाजपा सरकार बनने के बाद यह प्रधानमंत्री का सातवां दौरा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम मोदी ने राज्य के लिए 1,700 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं और अंत्योदय योजना के तहत 50,000 घरों का उपहार दिया। कौशल विकास परियोजना का दूसरा चरण भी आज से शुरू किया गया। पीएम मोदी का यह दौरा राज्य में विकास और जनकल्याण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।