मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़कर उनके सपनों को साकार करना सरकार का संकल्प है। युवाओं को रोजगार और मेहनत के माध्यम से अपने जीवन को बेहतर बनाने का अवसर मिले, यही उद्देश्य लेकर राज्य सरकार कार्य कर रही है। स्टार्ट-अप नीति और अन्य योजनाओं के माध्यम से युवाओं को निरंतर सहयोग दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को राजगढ़ जिले के सारंगपुर में आयोजित युवा संगम रोजगार मेला-2026 को भोपाल के रवींद्र भवन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप भी उपस्थित थे। सारंगपुर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुमेर सिंह सोलंकी सहित क्षेत्रीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस रोजगार मेले में शाजापुर, सीहोर, आगर-मालवा, देवास, भोपाल और गुना जिलों के युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस रोजगार मेले में 150 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। फाइनेंस, सेल्स, मार्केटिंग, हेल्थ केयर, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, सॉफ्टवेयर, डिजिटल मार्केटिंग और क्वालिटी मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
कंपनियों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को दक्ष बनाने के लिए महाविद्यालयों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिससे अधिक से अधिक युवाओं का चयन संभव हो सका।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कंपनियों ने 16 हजार से अधिक पदों पर युवाओं को रोजगार देने की सहमति दी है। इनमें से 3 हजार से अधिक पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं, 8 कंपनियां दिव्यांगजन को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं। रोजगार मेले में शामिल कंपनियां देश के साथ-साथ विदेशों में भी नौकरी के अवसर प्रदान कर रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दिव्यांगजनों को रोजगार देना पुण्य कार्य है और यह परमात्मा की सेवा के समान है। रोजगार केवल आय का साधन नहीं, बल्कि यह स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और परिवार के सपनों को साकार करने का माध्यम है। युवा कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित यह रोजगार मेला राष्ट्रीय युवा दिवस की भावना को साकार करता है।
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल ने जानकारी दी कि सारंगपुर में आयोजित युवा संगम रोजगार मेला प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बनकर सामने आया है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में मध्यप्रदेश में 626 रोजगार मेले आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 1 लाख 2 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया।
मंत्री टेटवाल ने बताया कि सारंगपुर रोजगार मेले में पंजीयन कराने वाले लगभग 35 हजार युवाओं में से 10 हजार 112 से अधिक युवाओं को एक ही दिन में रोजगार मिला। यह प्रदेश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा कीर्तिमान है।
उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में टाटा, महिंद्रा, किर्लोस्कर, टेस्ला, आयशर, पेटीएम, प्रतिभा सिंटेक्स और मदरसन जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों की सक्रिय भागीदारी से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिले और क्षेत्रीय औद्योगिक विश्वास को भी मजबूती मिली।
युवा संगम रोजगार मेला-2026 ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं को उनके घर-आसपास ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। यह पहल न केवल युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करेगी, बल्कि प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा देगी।