मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। इसी के साथ विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है। सत्र शुरू होते ही राज्यपाल के अभीभाषण के बीच में ही हंगामा शुरू किया। कांग्रेस विधायकों ने इंदौर भागीरथपुरा दूषित पानी कांड में 35 मौतों को लेकर तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। विपक्ष ने नगरीय प्रशासन मंत्री, संबंधित प्रभारी मंत्री और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला को जिम्मेदार ठहराया।
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्यपाल के अभिभाषण को अधूरा बताते हुए कहा कि इंदौर पानी का संकट, नर्मदा जल दूषण और कर्ज जैसे मुद्दे गायब हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा 35 मौतों पर तुरंत इस्तीफा होना चाहिए।
मध्य प्रदेश सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने तीन चरणों में योजना बनाई है। पहला आरोपों पर सदन में सबूत पेश करना, दूसरा गांधी प्रतिमा के पास धरना देना और तीसरा 24 फरवरी को यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई विधानसभा का घेराव करेगी। माना जा रहा है कि यह विधानसभा सत्र बेहद हंगामेदार रहने वाला है।