स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को इस वर्ष भी प्रदेश की समस्त शालाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जाएगा। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. मोहन यादव राजधानी भोपाल स्थित सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार और योग करेंगे। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर के राजमार्ग क्षेत्र में रुकमणि देवी पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
युवा दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 9:30 बजे से 10:15 बजे तक आकाशवाणी से प्रसारित विशेष कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’, स्वामी विवेकानंद का रिकॉर्डेड संदेश तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन सुनाया जाएगा। इसके पश्चात रेडियो प्रसारण में दिए गए संकेतों के अनुसार सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कराया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित होगा।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन प्रदेश की सभी शिक्षण संस्थाओं में एक ही समय और एक संकेत पर किया जाएगा। जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि, समितियां एवं गणमान्य नागरिक भी सम्मिलित होंगे।
इस आयोजन में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं स्वैच्छिक रूप से भाग लेंगे। प्राथमिक शाला के विद्यार्थी सूर्य नमस्कार में भाग नहीं लेंगे, हालांकि वे दर्शक के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रह सकेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में योग, अनुशासन, स्वास्थ्य और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि युवा पीढ़ी शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सके।