मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित विश्वप्रसिद्ध श्रीमहाकालेश्वर मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीमहाकाल के दरबार में श्रद्धा और भक्ति भाव से विधिवत पूजन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की।
मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना सम्पन्न कराई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान महाकाल से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगलकामनाओं का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की। पूजा के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर श्रीमहाकालेश्वर मंदिर में मुख्यमंत्री की पूजा-अर्चना से पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।