1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: मध्य प्रदेश की धरती पर अब कोई नक्सलवादी बचा नहीं है- CM डॉ. मोहन

MP News: मध्य प्रदेश की धरती पर अब कोई नक्सलवादी बचा नहीं है- CM डॉ. मोहन

बालाघाट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में पुलिस पदोन्नति अलंकरण समारोह और विकास कार्यों का शुभारंभ... अमर जवान ज्योति शहीद स्मारक का लोकार्पण

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: मध्य प्रदेश की धरती पर अब कोई नक्सलवादी बचा नहीं है- CM डॉ. मोहन

बालाघाट जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में मध्यप्रदेश पुलिस क्रम-से-पूर्व पदोन्नति अलंकरण समारोह तथा विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालाघाट में अमर जवान ज्योति “शहीद स्मारक” का लोकार्पण करते हुए इसे देश और प्रदेश के वीर शहीदों के बलिदान का अमर प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

अमर जवान ज्योति उद्घाटन और पदोन्नति अलंकरण समारोह में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, सांसद श्रीमती भारती पारदी, विधायक गौरव पारदी, राजकुमार कराहे, विवेक पटेल, मधु भगत, संजय उके, वरिष्ठ नेता गौरी शंकर बिसेन एवं जिला अध्यक्ष राजकुमार गांव शामिल हुए। वहीं प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर एडीजी (एंटी नक्सल ऑपरेशन) वेंकटेश राव, कमिश्नर धनंजय सिंह, आईजी ललित साकेवार, श्रीमती नीतू, आईजी सीआरपीएफ तरुण नायक तथा विनीत जैन की उपस्थिति रही। इस अवसर पर पुलिस के जवान, शहीद परिवारों के सदस्य, पत्रकार और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी मौजूद थे।

नक्सलवाद पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में नक्सलवाद को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि “अब मध्य प्रदेश की धरती पर कोई नक्सलवादी नहीं बचा है।” मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की सख्त नीति के चलते नक्सलियों को या तो आत्मसमर्पण करना पड़ा या फिर सुरक्षा बलों की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

 जिस बालाघाट का नाम सुनते ही कभी कालापानी की सजा जैसा अहसास होता था, आज वही बालाघाट विजय का प्रतीक बन गया है।  यह 35 साल पुरानी कैंसर जैसी बीमारी थी, जिसे खत्म करना असंभव लगता था लेकिन हमारे जवानों ने इसे संभव करके दिखाया। – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन

मेगा कासो रणनीति और सुरक्षा बलों की सफलता

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में प्रशासन द्वारा ‘मेगा कासो’ (Mega CASO) रणनीति अपनाई गई, जिसके तहत 10 सबसे खूंखार और सशस्त्र नक्सलियों को मार गिराया गया। कठिन मानसून परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों ने 1239 से अधिक सफल ऑपरेशन अंजाम दिए, जो प्रदेश की मजबूत कानून-व्यवस्था और प्रभावी रणनीति को दर्शाता है।

2025 में अब तक 4104 नक्सल विरोधी अभियान चलाए गए, जो पिछले वर्ष से 23 प्रतिशत अधिक हैं। – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन

शहीदों को श्रद्धांजलि और अमर जवान ज्योति का महत्व

मुख्यमंत्री ने वर्ष 1990 से अब तक शहीद हुए 38 पुलिस जवानों और 27 निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बालाघाट में स्थापित अमर जवान ज्योति आने वाली पीढ़ियों को वीरों के बलिदान की याद दिलाती रहेगी और देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।

बालाघाट में ‘कृषि कैबिनेट’ आयोजित करने की घोषणा

क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने बालाघाट में ‘कृषि कैबिनेट’ आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस कैबिनेट में किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं के कल्याण एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, जिससे जिले को विकास की नई दिशा मिलेगी।

पुलिस के सामाजिक कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने बालाघाट पुलिस द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 150 से अधिक स्कूलों का नवीनीकरण कराया है, एकल सुविधा केंद्रों के माध्यम से आदिवासियों को वन अधिकार पट्टे और जाति प्रमाण पत्र दिलाने में सहयोग किया है, साथ ही रोजगार शिविरों के आयोजन से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

आज नक्सली जंगल में एक जगह टिक नहीं पा रहे, लगातार भाग रहे हैं – यही हमारी सफलता का प्रमाण है।- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प के कारण आज पूरे देश में नक्सलवाद रूपी “लाल सलाम” को अंतिम सलाम किया जा रहा है।

अमर जवान ज्योति अब केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगी, बालाघाट भी वीरता का राष्ट्रीय प्रतीक बनेगा। यह एक बड़ी विजय का स्मारक है जिसे आज मैं लोकार्पित कर रहा हूं। – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...