1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: मध्यप्रदेश के फूलों की सुगंध पहुंच रही है पेरिस और लंदन- CM डॉ. यादव

MP News: मध्यप्रदेश के फूलों की सुगंध पहुंच रही है पेरिस और लंदन- CM डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने कहा कि फूल जीवन के हर शुभ अवसर का हिस्सा हैं और अब वही फूल किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बन रहे हैं।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: मध्यप्रदेश के फूलों की सुगंध पहुंच रही है पेरिस और लंदन- CM डॉ. यादव

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय पुष्प महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के फूल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना रहे हैं और उनकी सुगंध पेरिस और लंदन जैसे वैश्विक शहरों तक पहुंच रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक दिवसीय कार्यक्रम को बढ़ाकर तीन दिन तक आयोजित करने की घोषणा भी की।

पुष्प केवल प्रकृति ही नहीं, भावनाओं की भी अभिव्यक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि फूल जीवन के हर शुभ अवसर का हिस्सा हैं और अब वही फूल किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान फूलों के माध्यम से केवल उत्पाद नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं को भी दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।

किसानों की आय बढ़ाने में पुष्प उत्पादन अहम

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग 40 हजार किसान पुष्प उत्पादन से जुड़े हैं और करीब 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फूलों की खेती की जा रही है। वर्ष 2021-22 में यह रकबा 37 हजार हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर लगभग 44 हजार हेक्टेयर हो चुका है। प्रदेश का कुल पुष्प उत्पादन 86 लाख टन तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को फूलों की खेती के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, अनुदान, पॉलीहाउस और शेडनेट हाउस स्थापना जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे नकद आय में तेजी से वृद्धि हो रही है।

कृषि कल्याण वर्ष में उद्यानिकी को विशेष बढ़ावा

कार्यक्रम में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि कृषि में प्रगति के लिए उद्यानिकी का विशेष महत्व है और विभाग किसानों की आय बढ़ाने के लिए नए कार्यक्रम चला रहा है।

किसानों के लिए सरकार की अन्य पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोयाबीन किसानों को भावांतर राशि दी जा रही है और गेहूं का समर्थन मूल्य भी लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्यानिकी, दुग्ध, मत्स्य और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

निर्यात और रोजगार को मिलेगी नई गति

पुष्प महोत्सव के माध्यम से किसानों, नर्सरी संचालकों और खरीदारों को एक मंच पर लाकर बाजार की संभावनाओं से जोड़ा जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और निर्यात गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। राज्य सरकार ने कहा कि आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश देश के पुष्प उत्पादन और निर्यात में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित होगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...