1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: मैदान में खिलाड़ी नहीं, देश का भविष्य दौड़ता है- CM डॉ. मोहन

MP News: मैदान में खिलाड़ी नहीं, देश का भविष्य दौड़ता है- CM डॉ. मोहन

राज्य स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026 का भोपाल में भव्य शुभारंभ...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: मैदान में खिलाड़ी नहीं, देश का भविष्य दौड़ता है- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में पारम्परिक और आधुनिक दोनों प्रकार के खेलों की समृद्ध परम्परा रही है। खेलो एमपी यूथ गेम्स केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक विशाल खेल महोत्सव है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत का पुनर्जीवन है। उन्होंने कहा कि जब मैदान में कोई खिलाड़ी पसीना बहाता है, तो वहां केवल खिलाड़ी नहीं बल्कि देश का उज्ज्वल भविष्य दौड़ता है। खेल सदियों से हमारी संस्कृति का मान और पहचान रहे हैं।

तात्या टोपे नगर स्टेडियम में रंगारंग आगाज

मंगलवार शाम भोपाल के तात्या टोपे नगर स्टेडियम में राज्य स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। स्टेडियम में मौजूद हजारों युवाओं, खिलाड़ियों और नागरिकों की सहभागिता से वातावरण उत्साह, जोश और उमंग से भर गया। मुख्यमंत्री के आह्वान पर दर्शकों ने मोबाइल टॉर्च जलाकर और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ खेल महोत्सव की शुरुआत की।

पारम्परिक खेलों को मिला विशेष मंच

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार परम्परागत खेलों को प्रोत्साहन दे रही है। पहली बार कबड्डी, खो-खो, मलखम्भ, पिठ्ठी और रस्साकशी जैसे ग्राम्य खेलों के साथ थ्रो बॉल और क्रिकेट को भी खेलो एमपी यूथ गेम्स में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने और प्रदेश को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए भोपाल के नाथू बरखेड़ा में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इसके पूर्ण होने पर भोपाल ‘झीलों के शहर’ के साथ-साथ ‘खेलों के शहर’ के नाम से भी पहचाना जाएगा।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नई खेल संस्कृति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई खेल संस्कृति का विकास हो रहा है। भारत को कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी मिल चुकी है और अब ओलंपिक की दिशा में भी तैयारी की जा रही है। खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव रखी जा रही है।

केंद्रीय खेल मंत्री का संदेश

समारोह के दौरान केंद्रीय युवा कल्याण एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। उन्होंने कहा कि बेहद कम समय में लगभग एक लाख खिलाड़ियों को खेलो एमपी यूथ गेम्स से जोड़ना केवल मध्यप्रदेश में ही संभव है। यह आयोजन विकसित और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रदेश खेलों में तीसरे स्थान पर पहुंचा

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पहले प्रदेश खेलों में 16-17वें स्थान पर रहता था, लेकिन बीते दो वर्षों में ही तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। सरकार की प्राथमिकता खेल, खिलाड़ी और खेल मैदान का समग्र विकास है तथा लक्ष्य प्रदेश को देश में नंबर वन बनाना है।

कैलाश खेर की संगीतमय प्रस्तुति रही आकर्षण

समारोह का मुख्य आकर्षण पद्मश्री सम्मानित सूफी गायक कैलाश खेर और उनके म्यूजिक बैंड ‘कैलासा’ की भव्य लाइव प्रस्तुति रही। उनकी सशक्त आवाज़ और लोक-संगीत की आत्मा से पूरा स्टेडियम संगीतमय उल्लास और रोमांच से गूंज उठा। इसके साथ एरोबिक डांस और आकर्षक आतिशबाजी ने समारोह को यादगार बना दिया।

मार्च पास्ट और खेल भावना की शपथ

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश के नौ संभागों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया और सभी खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, रविन्द्र यति, ओलिम्पिक महासंघ के महामंत्री दिग्विजय सिंह, आशीष अग्रवाल, हॉकी ओलिम्पियन विवेक सागर, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, प्रमुख सचिव खेल मनीष सिंह, संचालक खेल राकेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। गेम्स के प्रारंभ पर प्रदेश के नौ संभागों के खिलाड़ियों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई गई।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...