1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवीन रेल सेवा को लेकर मीडिया से की चर्चा

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवीन रेल सेवा को लेकर मीडिया से की चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल-सिंगरौली नई रेल सेवा पर बयान दिया। सातों दिन ट्रेन, जबलपुर-गोंदिया रेल लाइन दोहरीकरण और अमृत भारत स्टेशनों से एमपी को बड़ी सौगात।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवीन रेल सेवा को लेकर मीडिया से की चर्चा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश को लगातार नई रेल सेवाओं और आधुनिक रेल सुविधाओं की सौगात मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की राजधानी भोपाल से ऊर्जा राजधानी सिंगरौली तक अब सप्ताह के सातों दिन सीधी रेल सुविधा प्रारंभ हो रही है, जो न केवल मध्यप्रदेश बल्कि अन्य राज्यों के यात्रियों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी। मुख्यमंत्री मंगलवार शाम भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन से भोपाल-धनबाद-चौपन एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में इसे प्रदेश के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया।

सप्ताह के सातों दिन चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि यह ट्रेन सप्ताह में- 3 दिन सिंगरौली तक, 3 दिन धनबाद तक, और 1 दिन चौपन तक संचालित होगी। इस ट्रेन का मार्ग बीना-सागर-मुड़वारा होकर रहेगा, जिससे महाकौशल और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

रेल सुविधाओं का विस्तार, भविष्य के विकास का नया रास्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में जबलपुरगोंदिया रेल लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी गई है। इससे पहले भी मध्यप्रदेश को इंदौर-मनमाड रेल लाइन और सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की सौगात मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वंदे भारत ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं की गति बढ़ रही है। रेल बजट में भी मध्यप्रदेश को पहले की तुलना में 24 गुना अधिक बजट प्राप्त हुआ है।

अमृत भारत स्टेशन और आधुनिक रेल इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के कटनी साउथ, नर्मदापुरम, ओरछा, सिवनी, शाजापुर और श्रीधाम सहित छह अमृत भारत स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य जारी है। इसके साथ ही प्रदेश के 80 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। करीब पौने तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा, जिससे रेल यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।

सीधी-सिंगरौली क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस दिन को मध्यप्रदेश के लिए यादगार बना दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लंबे समय से पिछड़ा माने जाने वाले सीधी-सिंगरौली क्षेत्र को अब भोपाल से प्रतिदिन की रेल कनेक्टिविटी मिल रही है। उन्होंने कहा कि भले ही ट्रेन के गंतव्य तीन हों, लेकिन इसका संचालन सातों दिन होगा। यह व्यवस्था केवल तकनीकी कुशलता ही नहीं, बल्कि भविष्य के विकास का नया मार्ग प्रशस्त करती है।

पर्यटन, व्यापार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के अनुसार इस नई रेल सेवा से मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। धनबाद तक जाने वाली त्रि-साप्ताहिक ट्रेन 30 स्टेशनों को जोड़ेगी। चौपन तक जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन 15 प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे पर्यटन, व्यापार, खनन और उद्योग क्षेत्रों को नई गति मिलेगी।

जबलपुर-गोंदिया रेल लाइन का दोहरीकरण विकास में होगा सहायक

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर-गोंदिया रेल लाइन के दोहरीकरण से पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। यह क्षेत्र, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव रहा, अब बेहतर यातायात सुविधाओं से विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति से नक्सलवाद पर निर्णायक कार्रवाई हुई है और मध्यप्रदेश में तय समय से पहले ही नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण पाया गया है। इससे महाकौशल क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...