1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: आनंद नगर भोपाल में बुलडोज़र कार्रवाई अन्यायपूर्ण, भाजपा सरकार गरीबों की रोज़ी पर हमला कर रही है – जीतू पटवारी

MP News: आनंद नगर भोपाल में बुलडोज़र कार्रवाई अन्यायपूर्ण, भाजपा सरकार गरीबों की रोज़ी पर हमला कर रही है – जीतू पटवारी

आज आनंद नगर भोपाल के व्यापारी मंडल और स्थानीय नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से उनके निवास पर मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: आनंद नगर भोपाल में बुलडोज़र कार्रवाई अन्यायपूर्ण, भाजपा सरकार गरीबों की रोज़ी पर हमला कर रही है – जीतू पटवारी

राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर में प्रस्तावित बुलडोज़र कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण, अमानवीय और गरीब-विरोधी बताते हुए भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

व्यापारी मंडल ने पटवारी से की मुलाकात, रखी पीड़ा

आज आनंद नगर भोपाल के व्यापारी मंडल और स्थानीय नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से उनके निवास पर मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में 40 से 50 वर्षों से संचालित दुकानों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटाने के आदेश दिए गए हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।

40-50 साल पुरानी दुकानों को तोड़ने के आदेश पर कड़ी निंदा

जीतू पटवारी ने गोविंदपुरा विधानसभा के आनंद नगर क्षेत्र में दशकों से चल रही दुकानों को तोड़ने के आदेशों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि बिना संवाद, बिना पुनर्वास और बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों को हटाने का फैसला सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रोज़ी-रोटी पर हमला है।

भाजपा सरकार पर वफादारी का अपमान करने का आरोप

पटवारी ने सवाल उठाते हुए कहा, “जिस क्षेत्र ने 40 वर्षों तक लगातार भाजपा को वोट दिया, आज उसी क्षेत्र की जनता को बुलडोज़र के नीचे कुचला जा रहा है। क्या यही 40 साल की वफादारी का इनाम है?” उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार आम जनता की पीड़ा को अनदेखा कर तानाशाही रवैया अपना रही है।

मुआवजे में भेदभाव का आरोप, छोटे दुकानदार उपेक्षित

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुआवजे के नाम पर गंभीर भेदभाव किया जा रहा है। कुछ प्रभावशाली लोगों को ही इसका लाभ मिला है, जबकि अधिकांश छोटे दुकानदारों को या तो कोई मुआवजा नहीं दिया गया या फिर 20 से 50 हजार रुपये जैसी नाममात्र की राशि देकर उनके साथ मज़ाक किया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में नई दुकान खड़ी करना बेहद मुश्किल है।

कलेक्टर से बातचीत, कार्रवाई रोकने की मांग

जीतू पटवारी ने इस पूरे मामले को लेकर भोपाल कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर आग्रह किया कि किसी भी गरीब दुकानदार की दुकान बिना उचित मुआवजे और वैकल्पिक व्यवस्था के न तोड़ी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

विरोध प्रदर्शन और कानूनी लड़ाई के निर्देश

इस अवसर पर पटवारी ने भोपाल जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को निर्देश दिए कि आनंद नगर के दुकानदारों के समर्थन में तत्काल विरोध प्रदर्शन किया जाए और पीड़ितों के पक्ष में आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं।

सदन से सड़क तक संघर्ष का ऐलान

अंत में जीतू पटवारी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी सदन से लेकर सड़क तक इस लड़ाई को लड़ेगी। गरीबों की रोज़ी-रोटी पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...