1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP बजट सत्र का आठवां दिन: फसल नुकसान, ट्रैफिक और गोमांस मामले पर चर्चा

MP बजट सत्र का आठवां दिन: फसल नुकसान, ट्रैफिक और गोमांस मामले पर चर्चा

मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज आठवां दिन है। आवारा पशुओं से फसल नुकसान, ट्रैफिक समस्या और भोपाल नगर निगम के गोमांस मामले पर सदन में चर्चा और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश होंगे।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP बजट सत्र का आठवां दिन: फसल नुकसान, ट्रैफिक और गोमांस मामले पर चर्चा

मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज आठवां दिन है। सत्र के दौरान प्रदेश में आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और शहरी ट्रैफिक व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इन विषयों को लेकर कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल द्वारा पशुपालन मंत्री का ध्यानाकर्षण किया जाएगा। आज के सत्र में कुल दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 85 याचिकाओं और बजट से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। सरकार और विपक्ष के बीच इन मुद्दों को लेकर तीखी बहस होने के संकेत हैं।

गोमांस मामले पर नगर निगम का विशेष सत्र बुलाने की मांग

भोपाल नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा पार्षद विलास राव घाड़गे ने महापौर मालती राय को पत्र लिखकर नगर निगम का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। पत्र में पार्षद ने कहा कि गौ-हत्या की घटना से नागरिकों में भारी आक्रोश और चिंता है। यह विषय केवल धार्मिक आस्था या गो-संवर्धन तक सीमित नहीं है, बल्कि कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और नगर प्रशासन की जवाबदेही से भी सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तत्काल विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया है।

सोमवार को सत्र में उठे कई अहम मुद्दे

बीते दिन यानी 24 फरवरी को विधानसभा सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस ने आजीविका मिशन में अनियमितताओं का मामला उठाया। कांग्रेस विधायक डॉ. झूमा सोलंकी ने टंट्या भील विश्वविद्यालय में शिक्षकों के 140 पद रिक्त होने का विषय सदन में रखा। इसके अलावा विभिन्न जिलों में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग के अंतर्गत उद्योगों की स्थापना से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिस पर सरकार से जवाब मांगा गया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...