मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने आगामी बजट को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि इस बार का बजट पूरी तरह जनता को समर्पित होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह बजट “जनता का और जनता के लिए” तैयार किया गया है, जिसमें प्रदेश के हर वर्ग की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखा गया है।
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया कि सरकार ने इस बजट में महिला, युवा, किसान और गरीब-इन चार प्रमुख वर्गों को केंद्र में रखा है। इन वर्गों के सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और समग्र विकास के लिए बजट में ठोस और व्यावहारिक प्रावधान किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
देवड़ा ने कहा कि पिछले वर्ष राज्य सरकार ने ‘उद्योग वर्ष’ के रूप में मनाया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिला। इसी क्रम में इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में समर्पित किया गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसान आत्मनिर्भर बनें और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो। बजट में कृषि, सिंचाई, फसल उत्पादन और किसान कल्याण से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि बजट निर्माण की प्रक्रिया में आम जनता से प्राप्त सुझावों को शामिल किया गया है। इससे बजट को अधिक सहभागी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनाने में मदद मिली है। सरकार का प्रयास है कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज न होकर आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम बने।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बनने जा रहा है, जो बजट में अनूठा नवाचार करेगा। उन्होंने बताया कि इस बजट में न केवल चालू वित्त वर्ष का विस्तृत प्रावधान होगा, बल्कि अगले तीन वर्षों का विकास रोडमैप भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें वर्तमान वर्ष के साथ-साथ आगामी दो वर्षों की विकास योजनाओं की रूपरेखा भी शामिल रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी बजट के लिए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश के विकास को नई दिशा देगा और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा।