1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP Budget 2026-27: मोहन सरकार आज पेश करेगी 4.70 लाख करोड़ रुपये का बजट

MP Budget 2026-27: मोहन सरकार आज पेश करेगी 4.70 लाख करोड़ रुपये का बजट

मध्य प्रदेश विधानसभा में आज 2026-27 का बजट पेश होगा। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा 4.70 लाख करोड़ रुपये का संभावित बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट पेपरलेस होगा और अगले तीन साल का रोडमैप भी रखा जाएगा।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP Budget 2026-27: मोहन सरकार आज पेश करेगी 4.70 लाख करोड़ रुपये का बजट

भोपाल में मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन मोहन सरकार आज सदन में वार्षिक बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट प्रस्तुत करेंगे, जिसका आकार करीब 4.70 लाख करोड़ रुपये रहने की संभावना है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 12 से 15 प्रतिशत अधिक हो सकता है।

पिछले बजट से बढ़ेगा आकार, 2028 तक बड़ा लक्ष्य

वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य का बजट 4.21 लाख करोड़ रुपये था। सरकार ने 2028 तक बजट को 7.28 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। बजट प्रस्तुति से पहले कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी दी जाएगी। सरकार बजट के साथ-साथ अगले तीन वर्षों का रोडमैप भी जनता के सामने रखेगी।

सुबह 11 बजे होगा बजट भाषण

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सुबह 11 बजे विधानसभा में बजट पेश करेंगे। इस बार का बजट पूरी तरह पेपरलेस होगा और डिजिटल स्वरूप में सदन में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।

विधानसभा को मिले हजारों सवालों के नोटिस

बजट सत्र की अधिसूचना जारी होने के बाद विधानसभा सचिवालय को कुल 3478 सवालों के नोटिस प्राप्त हुए हैं। इनमें 1750 तारांकित और 1728 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 निजी प्रस्ताव और 83 शून्यकाल से जुड़े विषय सूचीबद्ध किए गए हैं।

जनता की अपेक्षाएं: शिक्षा, कृषि और महंगाई पर फोकस

बजट को लेकर आम जनता ने सरकार से शिक्षा पर अधिक निवेश, कृषि क्षेत्र को मजबूती और बढ़ती महंगाई से राहत देने की मांग की है। महिलाओं ने किचन से जुड़े सामान सस्ते करने पर जोर दिया। लोगों का कहना है कि सोना-चांदी, बिल्डिंग मटेरियल समेत रोजमर्रा की चीजों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे घर चलाना मुश्किल हो रहा है। जनता की अपेक्षा है कि बजट सभी वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाए।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...