मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान आज लगातार चौथे दिन भी विपक्ष कांग्रेस ने मोहन यादव सरकार पर तीखा हमला बोला। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने सरकार के बजट के विरोध में प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की।
“ख्याली पुलाव की खाली थाली है बजट”
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सरकार के बजट को “ख्याली पुलाव की खाली थाली” करार दिया। उनका कहना था कि बजट से किसान, युवा, लाड़ली बहनें और बिजली उपभोक्ता-जिन्हें सरकार से बड़ी उम्मीदें थीं-उन्हें कोई ठोस राहत नहीं मिली। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बजट में जनहित के वादों की भरमार है, लेकिन जमीन पर लाभ देने की स्पष्ट योजनाएं नहीं दिखतीं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का कर्ज पर हमला
विधानसभा पहुंचे कमलनाथ ने राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति को लेकर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पर करीब 5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। कमलनाथ के अनुसार, सरकार ने इसी वर्ष लगभग 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है, जिससे प्रदेश की वित्तीय सेहत पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
सरकार की नीतियों पर विपक्ष का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार कर्ज लेकर बजट चला रही है, जबकि आम जनता को राहत देने वाले ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहे। उनका कहना है कि बढ़ता कर्ज आने वाले समय में प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ डालेगा।
सत्र के दौरान बढ़ी राजनीतिक गर्मी
लगातार चौथे दिन विपक्ष के विरोध से विधानसभा का माहौल गर्म बना हुआ है। माना जा रहा है कि बजट और आर्थिक नीतियों को लेकर आने वाले दिनों में भी सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बनी रह सकती है।






