1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज, नई शराब नीति पर लग सकती है मुहर

मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज, नई शराब नीति पर लग सकती है मुहर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होगी कैबिनेट बैठक

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज, नई शराब नीति पर लग सकती है मुहर

भोपाल में आज मंगलवार, 10 फरवरी को मध्य प्रदेश मंत्रि-परिषद की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय लिए जाने की संभावना है। खास तौर पर प्रदेश की नई शराब नीति को लेकर आज कैबिनेट की मुहर लग सकती है।

19 हजार करोड़ रुपये राजस्व जुटाने का लक्ष्य

नई शराब नीति के तहत राज्य सरकार ने लगभग 19 हजार करोड़ रुपये के राजस्व संग्रह का लक्ष्य तय किया है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय समिति से मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश की 3,553 शराब दुकानों के लिए सिंगल ई-टेंडर प्रक्रिया अपनाने की तैयारी है। नीति के अनुसार, पिछली वर्ष की तुलना में न्यूनतम 20 प्रतिशत अधिक दर पर बोली लगाना अनिवार्य होगा।

ई-बैंक गारंटी और कंपोजिट दुकान योजना पर प्रावधान

नई शराब नीति में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से फर्जी बैंक गारंटी पर रोक लगाते हुए ई-बैंक गारंटी को मान्य किया गया है। इसके साथ ही कंपोजिट शराब दुकान योजना की तीन माह में समीक्षा का भी प्रावधान रखा गया है, ताकि नीति के प्रभाव और व्यवहारिक परिणामों का आकलन किया जा सके।

अनुपूरक बजट पर भी हो सकती है चर्चा

कैबिनेट बैठक में अनुपूरक बजट प्रस्ताव पर भी चर्चा होने की संभावना है। जनता से जुड़ी योजनाओं को विस्तार देने पर विशेष फोकस रहेगा, जो केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त बजट से संचालित की जा रही हैं। वित्तीय वर्ष की शेष अवधि के लिए आवश्यक प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखे जा सकते हैं।

पिछली बैठकों के प्रस्तावों की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूर्व में हुई कैबिनेट बैठकों में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नीतिगत फैसलों का क्रियान्वयन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से हो।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...