1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: शिक्षा और उत्कृष्टता को पथ-प्रदर्शक मानता है मीना समाज – CM डॉ. मोहन यादव

MP News: शिक्षा और उत्कृष्टता को पथ-प्रदर्शक मानता है मीना समाज – CM डॉ. मोहन यादव

सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध मीना समाज की पहल प्रशंसनीय, मेधावी विद्यार्थियों व वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: शिक्षा और उत्कृष्टता को पथ-प्रदर्शक मानता है मीना समाज – CM डॉ. मोहन यादव

डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मीना समाज ने शिक्षा और उत्कृष्टता को अपना पथ-प्रदर्शक बनाकर प्रदेश और देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समाज के लोग मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ न केवल आर्थिक प्रगति कर रहे हैं, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रविवार को रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में आयोजित मीना समाज सम्मेलन एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

शिक्षा और सामाजिक सुधारों का मजबूत संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पिछले वर्षों में लगभग 550 प्रतिभाओं का सम्मान इस बात का प्रमाण है कि मीना समाज शिक्षा को सामाजिक उन्नति का सबसे सशक्त माध्यम मानता है। मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं का विरोध, दहेज मुक्त और सादे विवाहों का समर्थन तथा सामूहिक विवाह सम्मेलनों को प्रोत्साहन देकर समाज ने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सशक्त संदेश दिया है। ऐसे प्रयास समाज को जागरूक, संगठित और प्रगतिशील बनाते हैं, जिससे प्रदेश और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार मीना समाज के इन प्रयासों में पूरी तरह सहभागी है।

मुख्यमंत्री का अभिनंदन और प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश मीना समाज सेवा संगठन द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तीन बड़ी मालाओं से स्वागत कर, साफा बांधकर एवं अंगवस्त्रम भेंट कर अभिनंदन किया गया। पूर्व मंत्री श्री राम निवास रावत ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित, खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले मीना समाज के 16 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही सामाजिक गतिविधियों में सहयोग और दान देने वाले वरिष्ठजनों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

मीना समाज की परंपरा और प्रतिभाओं की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मीना समाज की उत्पत्ति भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से जुड़ी मानी जाती है, जो जल और जीवन के महत्व का संदेश देती है। समाज में अपार प्रतिभाएं हैं और युवा पीढ़ी शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कामना की कि मीना समाज के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। वर्ष 1980 में स्थापित मीना समाज सेवा संगठन के सकारात्मक परिणाम आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में कई नवाचार हुए हैं। मध्यप्रदेश में देश की पहली तीन नदी जोड़ो परियोजनाओं का कार्य प्रारंभ हुआ है, जिससे श्योपुर, गुना सहित चंबल और मालवा क्षेत्र सिंचित होंगे और मीना समाज को भी विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जातिगत जनगणना का निर्णय भी समाज के विकास में सहायक सिद्ध होगा।

उद्यमिता, कृषि और सामाजिक संरचनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। समाज के लोग उद्योग-धंधों और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें, सरकार हर स्तर पर सहयोग करेगी। उन्होंने मीनेष बोर्ड के गठन पर विचार और समाज की धर्मशाला निर्माण में राज्य शासन की ओर से सहयोग का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा, संस्कार और संगठन के बल पर मीना समाज निरंतर प्रगति करेगा और प्रदेश व देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर सहित समाज के गणमान्यजन और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...