मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत जबलपुर में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 121 जोड़ों का विवाह-निकाह संपन्न हुआ। इस आयोजन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को ₹49,000 की सहायता राशि का चेक प्रदान किया, जिससे विवाह के बाद नवदंपतियों को आर्थिक संबल मिल सके।
इस सामूहिक विवाह समारोह में 3 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे, जिससे आयोजन ने सामाजिक सौहार्द और समरसता का मजबूत संदेश दिया। एक दूल्हे ने बताया कि उसे यहां आकर बहुत अच्छा लगा और नगर निगम से इस आयोजन की जानकारी मिली थी।

कार्यक्रम में मंत्री राकेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी बेटी का विवाह आर्थिक अभाव के कारण बाधित न हो। जबलपुर में आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सहयोग, समानता और सरकार की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।