भोपालः मध्यप्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ी पहल की गई है। अब किशोरी से मातृत्व तक, हर चरण में महिलाओं को एक ही जगह पर मिलेगी संपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं। राज्य में पहली बार “शक्ति केन्द्र” की शुरुआत की जा रही है, जो कैलाश नाथ काटजू सिविल अस्पताल में स्थापित होगा।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि यह एक वन स्टॉप महिला स्वास्थ्य केन्द्र है, जहां स्त्री रोग, कैंसर जांच, निःसंतानता उपचार और मेनोपॉज से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी। यहां स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, पीसीओएस और थायरॉयड की जांच, साथ ही आधुनिक तकनीकों से उपचार किया जाएगा।
खास बात यह है कि केंद्र में कई जांच और दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, महिलाओं के लिए केगल चेयर और गाइनेक लेजर जैसी उन्नत सुविधाएं भी दी जाएंगी, जो बिना सर्जरी के इलाज प्रदान करती हैं। सरकार का उद्देश्य है कि महिलाएं अपनी सेहत के प्रति जागरूक बनें और समय रहते उपचार प्राप्त करें।