1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. कुसुम योजनाओं से नवकरणीय ऊर्जा में आगे बढ़ेगा मध्यप्रदेश: CM डॉ. मोहन

कुसुम योजनाओं से नवकरणीय ऊर्जा में आगे बढ़ेगा मध्यप्रदेश: CM डॉ. मोहन

...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
कुसुम योजनाओं से नवकरणीय ऊर्जा में आगे बढ़ेगा मध्यप्रदेश: CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कुसुम योजनाओं में किसानों की बढ़ती रुचि मध्यप्रदेश को नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक आदर्श राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम को लाभ की स्थिति में आने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को 4 करोड़ 39 लाख रुपये के लाभांश का चेक सौंपा। यह राशि निगम के मुनाफे में शासन के अंश के रूप में प्रदान की गई है।

स्थापना के बाद पहली बार मुनाफे में आया निगम

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नीतियों और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम पिछले दो वर्षों में लाभ की स्थिति में आया है। वर्ष 1982 में निगम की स्थापना के बाद यह पहला अवसर है, जब निगम को वास्तविक रूप से मुनाफा हुआ है।

कुसुम योजनाओं से बढ़ी आय, किसानों की सक्रिय भागीदारी

मंत्री शुक्ला ने जानकारी दी कि कुसुम योजनाओं में किसानों की बड़ी भागीदारी के चलते बीते तीन वर्षों में निगम को लगभग 41 करोड़ रुपये की आय हुई है। निगम के लाभ में शासन का अंश 20 प्रतिशत निर्धारित है, जिसमें से 10 प्रतिशत यानी 4.39 करोड़ रुपये का चेक फिलहाल मुख्यमंत्री को सौंपा गया है। शेष 10 प्रतिशत राशि आगामी समय में प्रदान की जाएगी।

नवकरणीय ऊर्जा में आत्मनिर्भरता की ओर कदम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कुसुम योजनाओं के माध्यम से किसान न केवल अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आय में सकारात्मक बदलाव आएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि किसानों की सहभागिता से मध्यप्रदेश नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देशभर के लिए एक मॉडल राज्य के रूप में उभरेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...