मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका में विश्व धर्म संसद के माध्यम से भारत की मूल चेतना को विश्व पटल पर स्थापित किया था। आज देश के युवा भी उसी दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सबसे युवा देश बनकर निरंतर प्रगति कर रहा है और मध्यप्रदेश में भी युवा शक्ति का तेज गति से विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री यह विचार बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यक्त कर रहे थे।
इस वर्ष नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर संवाद कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के 47 युवा, जबकि 29 युवाओं का दल 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में सहभागिता करेगा। इन्हीं युवाओं ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुआ। सुश्री साक्षी पटेरिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि सुश्री अंशिका मिश्रा ने गीता उपदेश के माध्यम से युवाओं को प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और खेल संचालक राकेश गुप्ता भी उपस्थित रहे।

संवाद के दौरान युवाओं ने शिक्षा, भाषण कला, कृषि, प्राकृतिक खेती और रोजगार से जुड़े कई प्रश्न पूछे। ग्वालियर के सोमेश ने प्रभावी भाषण के तत्वों के बारे में सवाल किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निरंतर स्वाध्याय और ज्ञानार्जन से ही भाषण की गुणवत्ता स्वतः निखरती है। पाठ्यक्रम के अलावा भी सीखने की आदत विकसित करनी होगी।
अनूपपुर के प्रियांशु ने प्राकृतिक खेती और स्टार्ट-अप की संभावनाओं पर प्रश्न किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘कृषि कल्याण वर्ष’ घोषित किया है। प्राकृतिक खेती, देशी गोपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में श्रीअन्न (मोटे अनाज) की अच्छी उत्पादकता है और यह राज्य प्राकृतिक खेती के लिए आदर्श है।

राजगढ़ के एक युवा के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को खेती के लिए शासकीय भूमि लीज पर देने के सुझाव पर सरकार विचार करेगी। उन्होंने कृषि में विविधता अपनाने पर जोर देते हुए बताया कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा वर्ष 2002-03 के 7.5 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 58 लाख हेक्टेयर हो गया है। राजगढ़ का मोहनपुरा बांध और सिंचाई परियोजना आधुनिक सिंचाई व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश के युवा दिल्ली में राज्य का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के “ज्ञान” (गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला) के चार संवर्गों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत@2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर योजनाएं संचालित की जा रही हैं और प्रत्येक युवा को राष्ट्र के लिए कुछ बड़ा करने का संकल्प लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और संकल्प से ही साकार होगा। मध्यप्रदेश का युवा आत्मनिर्भर, जागरूक और राष्ट्रनिर्माण के लिए पूरी तरह तैयार है-यही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है।