1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प’ का किया शुभारंभ, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला व भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रहे मौजूद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प’ का किया शुभारंभ, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला व भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रहे मौजूद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में हर क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित किए जाएंगे और ‘मेडिसिटी’ परियोजना पर भी कार्य जारी है। हाईवे पर अस्पताल निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार 30 प्रतिशत अनुदान देगी।

By: Naredra 
Updated:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प’ का किया शुभारंभ, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला व भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रहे मौजूद

भोपालः भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रकल्प की शुरुआत की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।

सेवा भावना से कार्य करेगा चिकित्सा प्रकोष्ठ- डॉ. मोहन यादव

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ सेवा की भावना से कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और आने वाले समय में प्रदेश में 52 मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इंदौर, भोपाल और उज्जैन में निजी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि नए आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज भी तेजी से स्थापित किए जा रहे हैं। आठ नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिल चुकी है और 13 आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने का संकल्प लिया गया है।

हर क्षेत्र में विकसित होंगे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में हर क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित किए जाएंगे और ‘मेडिसिटी’ परियोजना पर भी कार्य जारी है। हाईवे पर अस्पताल निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार 30 प्रतिशत अनुदान देगी। उन्होंने ‘राहवीर योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने वाले को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को अस्पताल पहुंचने पर रिकॉर्ड उपलब्ध होते ही दो घंटे के भीतर लाभ देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा गांव-गांव में मेडिकल कैंप लगाकर जांच की जाएगी और जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे।

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के नए कार्यालय का उद्घाटन

इस दौरान भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के नए कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य सहायता के लिए एक नया हेल्प सेंटर भी शुरू किया गया है, जिससे गंभीर बीमारियों में तत्काल मदद मिल सकेगी। ‘सेवा प्रकल्प’ के तहत जारी हेल्पलाइन नंबर 9203597200 और 9203697200 पर पार्टी कार्यकर्ता एवं उनके परिवारजन चिकित्सकीय जानकारी और परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। अनुभवी चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श, प्राथमिक मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, मुख्यमंत्री सहायता कोष और स्वैच्छिक अनुदान के माध्यम से आर्थिक सहयोग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। यह पहल डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर शुरू की गई है।

उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का बयान

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य हो रहा है। नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निरंतर चुनावी सफलता के जरिए ही वर्ष 2047 के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का वक्तव्य

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बाबा साहब के समानता के सपने को भाजपा ने साकार किया है। उन्होंने बताया कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ सेवा कार्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रहा है। आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के माध्यम से जरूरतमंदों को उचित अस्पताल में उपचार दिलाने के लिए डॉक्टरों और चिकित्सा प्रकोष्ठ का समन्वय रहेगा। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनसेवा है।

भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...