मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर गेहूं की खरीदी को लेकर अहम मांग रखी है। उन्होंने कहा है कि आज सरकार की कृषि कैबिनेट बैठक होने जा रही है और ऐसे में किसान हित को सर्वोपरि रखते हुए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर निर्णय लिया जाना चाहिए।
अपने पत्र में जीतू पटवारी ने आग्रह किया कि प्रदेश के किसानों को राहत देने के लिए गेहूं की खरीदी ₹2700 प्रति क्विंटल के मान से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लिखा कि बढ़ती लागत, खाद-बीज और डीजल के दामों के बीच किसान पहले से ही दबाव में है, ऐसे में समर्थन मूल्य में वृद्धि किसानों के लिए बड़ा संबल बन सकती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस सुझाव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करेंगे और कृषि कैबिनेट में ऐसा फैसला लेंगे, जिससे अन्नदाता को सीधा लाभ मिले। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में किसान कल्याण के प्रति गंभीर है, तो यह फैसला किसानों के भरोसे को मजबूत करेगा।





