1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: भाजपा सरकार की लापरवाही से निर्दोष नागरिकों की मौत – जीतू पटवारी

Bhopal: भाजपा सरकार की लापरवाही से निर्दोष नागरिकों की मौत – जीतू पटवारी

जब पत्रकार जनता के सवाल पूछते हैं, तो मंत्री उन्हें गालियाँ देते हैं। यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि तानाशाही सोच का परिचायक है।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: भाजपा सरकार की लापरवाही से निर्दोष नागरिकों की मौत – जीतू पटवारी

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों और सैकड़ों लोगों के बीमार होने की घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस त्रासदी को सरकार की घोर लापरवाही, संवेदनहीनता और सत्ता के अहंकार का परिणाम बताया।

“सत्ता का अहंकार रावण से भी बड़ा”

जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा नेताओं में सत्ता का अहंकार इस हद तक बढ़ चुका है कि वे जनता और मीडिया के सवालों से भी चिढ़ने लगे हैं। जीतू पटवारी ने कहा, “जब पत्रकार जनता के सवाल पूछते हैं, तो मंत्री उन्हें गालियाँ देते हैं। यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि तानाशाही सोच का परिचायक है।”

इंदौर ने दिया पूरा भरोसा, बदले में मिला ज़हरीला पानी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इंदौर की जनता ने बार-बार भाजपा पर भरोसा जताया। जीतू पटवारी ने कहा, “इंदौर ने भाजपा को सांसद, 9 विधायक, महापौर और पूरा नगर निगम दिया। बदले में भाजपा ने शहर को ज़हरीला पानी दिया और मौतें सौंप दीं।” पटवारी ने सवाल उठाया कि जब ज़मीनी स्तर पर 13 मौतों की बात सामने आ रही है, तो खुद मुख्यमंत्री केवल 4 मौतें ही क्यों स्वीकार कर रहे हैं। “क्या मौतों की संख्या छिपाई जा रही है?” – उन्होंने यह भी पूछा।

दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि अब तक न तो दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हुई और न ही जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही तय की गई। उन्होंने कहा कि जिनकी लापरवाही से निर्दोष नागरिकों की जान गई है, उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide) का मामला दर्ज होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर के महापौर इस प्रशासनिक विफलता के लिए बराबर के जिम्मेदार हैं।

“ना संवेदना, ना सुरक्षा, ना जवाबदेही”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गंदा पानी पीने से 13 लोगों की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद पूरी भाजपा सरकार सत्ता के नशे में डूबी हुई है। “ना संवेदना है, ना सुरक्षा और ना ही जवाबदेही। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।” – जीतू पटवारी…

पीड़ित परिवारों के साथ कांग्रेस

मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि इस दुखद घटना में वे और पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, “सरकार के साथ सहयोग को भी तैयार हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पद की गरिमा निभाते हुए आपको रीढ़ की हड्डी दिखानी होगी। दोषी लोगों से तत्काल इस्तीफा लेना होगा और पीड़ित परिवारों को ठोस मदद देनी होगी।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि केवल बयान, दौरे और इवेंट से किसी परिवार का दर्द कम नहीं होता।

मजबूत प्रभारी मंत्री की नियुक्ति की मांग

जीतू पटवारी ने मांग की कि इंदौर के लिए तुरंत एक सक्षम, स्वतंत्र और मजबूत प्रभारी मंत्री की नियुक्ति की जाए, जिसे स्पष्ट अधिकार हों कि वह जवाबदेही तय करे, दोषियों पर कार्रवाई करे और जरूरत पड़ने पर उनसे इस्तीफा ले सके।

कांग्रेस की जांच समिति गठित

उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन कर दिया है और जांच जारी है। कांग्रेस की मांग है कि-

  • मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए

  • दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो

  • पत्रकारों से दुर्व्यवहार करने वाले मंत्री से इस्तीफा लिया जाए

“सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस”

अंत में जीतू पटवारी ने कहा, “भाजपा सरकार का अहंकार और कुशासन अब जनता की जान ले रहा है। कांग्रेस पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।”

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...