स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी) के अवसर पर मध्यप्रदेश में खेलों के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के ऐतिहासिक बड़ा तालाब में खेलो एमपी यूथ गेम्स का ऐतिहासिक और भव्य शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर देश में पहली बार 4K वॉटर प्रोजेक्शन के माध्यम से एक अत्याधुनिक और इमर्सिव लॉन्चिंग इवेंट आयोजित किया जाएगा।

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को बड़े तालाब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी पहुंचकर खेलो एमपी यूथ गेम्स की लॉन्चिंग तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक खेल प्रेमियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा, तकनीकी तथा व्यवस्थागत सभी इंतजाम पूरी तरह पुख्ता हों। मंत्री सारंग ने बताया कि शुभारंभ समारोह 12 जनवरी को शाम 6 बजे बड़े तालाब से किया जाएगा।
यह आयोजन कई मायनों में ऐतिहासिक होगा।
देश में पहली बार किसी राज्य स्तरीय यूथ स्पोर्ट्स इवेंट की लॉन्चिंग फ्लोटिंग स्टेज से होगी।
बड़े तालाब की प्राकृतिक भव्यता के बीच 4K वॉटर प्रोजेक्शन के जरिए खेलो एमपी यूथ गेम्स की थीम, लोगो और खेल भावना को जल-परदे पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके साथ ही
हाई-क्वालिटी विजुअल डिस्प्ले
टॉर्च लाइटिंग के साथ आकर्षक फायर वर्क
20 फीट ऊँची ‘लार्जर दैन लाइफ’ जर्सी
जैसे विशेष आकर्षण समारोह की भव्यता को और बढ़ाएंगे। यह प्रस्तुति मध्यप्रदेश की नवाचार क्षमता, खेल प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक गौरव को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित करेगी।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि शुभारंभ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा खेलो एमपी यूथ गेम्स का लोगो, मैस्कॉट, आधिकारिक एंथम, और आधिकारिक जर्सी का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, वरिष्ठ खेल प्रशासक और प्रतिनिधि भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
शुभारंभ समारोह के माध्यम से ताल-तलैयों की नगरी भोपाल की ऐतिहासिक और प्राकृतिक भव्यता को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। मंत्री सारंग ने कहा कि यह आयोजन मध्यप्रदेश को केवल खेलों के राज्य के रूप में ही नहीं, बल्कि संस्कृति, सौंदर्य और युवाशक्ति के केंद्र के रूप में भी देश के सामने प्रस्तुत करेगा।
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि यह देश में पहली बार हो रहा है जब खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघ मिलकर समन्वित रूप से यूथ गेम्स का आयोजन और संचालन करेंगे। उन्होंने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भविष्य की राज्य टीम चयन प्रक्रिया का एक पारदर्शी और सशक्त मंच बनेगा, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही हो सकेगी।

खेलो एमपी यूथ गेम्स की चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर से शुरू होगी-
ब्लॉक स्तर: 12 से 16 जनवरी 2026
जिला स्तर: 16 से 20 जनवरी 2026
संभाग स्तर: 21 से 25 जनवरी 2026
राज्य स्तर: 28 से 31 जनवरी 2026
इन खेलों के अंतर्गत कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तर पर प्रदेश के 313 विकासखंडों और राज्य स्तर पर 10 संभागों की टीमें हिस्सा लेंगी।
मंत्री सारंग ने बताया कि यूथ गेम्स में पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ क्रिकेट और थ्रो बॉल को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोकप्रिय खेलों को संस्थागत मंच देना और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना है।
खेलो एमपी यूथ गेम्स का यह भव्य शुभारंभ न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी और ऐतिहासिक क्षण साबित होगा। यह आयोजन मध्यप्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।