भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर संभाग प्रभारियों और जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी और गौरव रणदिवे भी मंच पर मौजूद रहे।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्ययोजना और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि अब इस प्रकार की कामकाजी बैठक हर महीने नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि संगठन की गतिविधियों की लगातार समीक्षा हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि हर महीने की एक से दस तारीख के बीच सभी संभाग प्रभारी अपने-अपने जिलों का दौरा करें, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करें और जमीनी स्तर की स्थिति की जानकारी जुटाएं। इसके बाद तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट को प्रदेश स्तर की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक कामकाज को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में जिला प्रभारियों और संभाग प्रभारियों से फीडबैक भी लिया गया और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी संगठन और सरकार के समन्वय पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह नरेंद्र मोदी सरकार का ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की बात सभी राजनीतिक दल वर्षों से करते रहे, लेकिन इसे लागू करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष से अपील की थी कि इस विधेयक का श्रेय वे लेना चाहें तो ले लें, लेकिन सभी दल मिलकर इसे पारित करें।
वहीं, संसद में राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खंडेलवाल ने कहा कि उनकी भाषा अक्सर अमर्यादित रहती है और देश के इतिहास में ऐसा नेता प्रतिपक्ष पहले कभी नहीं देखा गया, जो इस तरह की भाषा का प्रयोग करता हो।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट